महिला आयोगों के ‘शक्ति संवाद’ में संरक्षण अधिकारियों की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर: विजया रहाटकर
राजगीर, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने रविवार को बिहार के राजगीर में दो दिवसीय ‘शक्ति संवाद’ के समापन के बाद महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के लिए संरक्षण अधिकारियों की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
रहाटकर ने बताया कि ‘शक्ति संवाद’ में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को गति देने, कानूनों की समीक्षा कर ठोस सुझाव तैयार करने और महिलाओं के शोषण से जुड़ी हानिकारक प्रथाओं का दस्तावेजीकरण करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ‘शक्ति संवाद’ का उद्देश्य केवल विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान करना नहीं, बल्कि ठोस कार्ययोजना, संस्थागत समन्वय और परिणाम आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सभी महिला आयोग मिलकर महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा, न्याय और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए काम करते रहेंगे।
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के बाद बिहार राज्य महिला आयोग की ओर से प्रतिनिधिमंडल को दिए गए पारंपरिक सम्मान के लिए आभार जताया।
रहाटकर ने लिखा कि ‘शक्ति संवाद’ के समापन के बाद मिथिला की पारंपरिक रीति से उन्हें जो सम्मान दिया गया, वह भावुक और अविस्मरणीय था। उन्होंने कहा कि माथे पर सिंदूर लगाने, साड़ी पहनाने और चूड़ियां देने का अनुभव उनके लिए बेहद भावनात्मक रहा।
उन्होंने मिथिला की पारंपरिक ‘खोइछा’ रस्म का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह बेटी को विदाई के समय उसके सुख, समृद्धि और परिवार के कल्याण की कामना के साथ खोइछा दिया जाता है, उसी आत्मीयता और आशीर्वाद के साथ उन्हें भी यह परंपरागत सम्मान दिया गया। उन्हें मिथिला की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक पारंपरिक टोपी भी भेंट की गई।
रहाटकर ने बिहार राज्य महिला आयोग और मिथिला की महिलाओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वह इस आत्मीय सम्मान और परंपरा को हमेशा याद रखेंगी।
इससे पहले उन्होंने राजगीर के प्रसिद्ध ग्लास ब्रिज का भी दौरा किया। एक्स पर अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि राजगीर की घाटियों में ग्लास ब्रिज पर चलते हुए उन्हें ऐसा लगा जैसे वह हवा से दोस्ती कर रही हों। पारदर्शी कांच के नीचे गहरी खाई और आसपास की हरियाली के बीच इस अनुभव ने उन्हें रोमांचित कर दिया।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का सबसे खास पहलू केवल रोमांच नहीं, बल्कि बिहार में पर्यटन के बदलते स्वरूप को देखना भी था। ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध राजगीर में आधुनिक और रोमांचक पर्यटन आकर्षणों को देखकर उन्हें खुशी हुई।
रहाटकर ने रत्नागिरी पहाड़ी पर स्थित विश्व शांति स्तूप के दर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे शांति, अहिंसा और सद्भाव का संदेश देने वाला ऐतिहासिक स्थल बताया। रोपवे के जरिए पहाड़ी पर पहुंचकर चारों ओर हरियाली के बीच भगवान बुद्ध की स्वर्ण प्रतिमाओं को देखना उनके लिए दिव्य और यादगार अनुभव रहा।
--आईएएनएस
डीएससी

