Samachar Nama
×

दिवंगत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ना. मुथुकुमार के बेटे आधवन बने गीतकार, युवान शंकर राजा के संगीत में लिखेंगे गाना

दिवंगत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ना. मुथुकुमार के बेटे आधवन बने गीतकार, युवान शंकर राजा के संगीत में लिखेंगे गाना
दिवंगत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ना. मुथुकुमार के बेटे आधवन बने गीतकार, युवान शंकर राजा के संगीत में लिखेंगे गाना

चेन्नई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले दिवंगत तमिल फिल्म गीतकार ना. मुथुकुमार के बेटे आधवन मुथुकुमार ने भी गीतकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत कर दी है। वह संगीतकार युवान शंकर राजा के संगीत में एक गाने के लिए गीत लिखेंगे। यह गाना निर्देशक सुजित एन. सुब्रमण्यम की आगामी फिल्म 'राजा की प्लेलिस्ट'' में शामिल होगा।

तमिल सिनेमा और संगीत के प्रशंसक संगीतकार युवान शंकर राजा और दिवंगत गीतकार ना. मुथुकुमार की रचनात्मक साझेदारी को लंबे समय से याद करते रहे हैं। दोनों की चर्चित जोड़ी की शुरुआत साल 2001 में सूर्या अभिनीत फिल्म 'नंदा' के गीत 'ओरायिरम यानै' से हुई थी।

करीब 16 वर्षों तक चली इस साझेदारी में दोनों ने 75 से अधिक फिल्मों में साथ काम किया और 400 से ज्यादा गीत दिए। इनमें कई गीत लोकप्रिय हुए और तमिल संगीत के यादगार गीतों में शामिल हुए। दोनों की आखिरी फिल्म 'तारामणि' थी।

अब इस संगीत विरासत को अगली पीढ़ी आगे बढ़ाने की दिशा में आधवन मुथुकुमार युवान शंकर राजा के साथ काम करने जा रहे हैं। फिल्म 'राजा की प्लेलिस्ट' में गीत लिखकर वह तमिल फिल्म इंडस्ट्री में गीतकार के तौर पर अपनी शुरुआत करेंगे।

फिल्म का निर्माण रमनन बालगंगाधरन, एलीफेंटाइन एक्स के बैनर तले कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन सुजित एन. सुब्रमण्यम कर रहे हैं, जबकि सुधा कोंगरा क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी प्रसिद्ध निर्देशक वेंकट प्रभु ने लिखी है।

फिल्म में जययन, सोना ओलिक्कल, वैगई चंद्रशेखर, गुरु सोमसुंदरम, बिबियन, रोजू और आर्या लक्ष्मी सहित कई कलाकार नजर आएंगे।

आधवन के गीतकार बनने की खबर ने तमिल फिल्म संगीत के प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि वह अपने पिता ना. मुथुकुमार की तरह अपने गीतों से श्रोताओं के दिलों में जगह बना सकेंगे।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story