Samachar Nama
×

मुंबई : बिना पूछे कपड़े पहनने पर दोस्त ने कर दी पीट-पीटकर हत्या

मुंबई : बिना पूछे कपड़े पहनने पर दोस्त ने कर दी पीट-पीटकर हत्या
मुंबई : बिना पूछे कपड़े पहनने पर दोस्त ने कर दी पीट-पीटकर हत्या

मुंबई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां गोरेगांव में दो दोस्तों के बीच हुआ झगड़ा जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने दोस्त को इसलिए पीट-पीटकर मार डाला क्योंकि उसने बिना इजाजत उसके कपड़े और दूसरी चीजें इस्तेमाल की थीं।

गोरेगांव पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, मृतक की पहचान सूरज डोले (26) के तौर पर हुई है, जबकि आरोपी की पहचान बाबासाहेब उर्फ ​​सुबोध वाघमारे (37) के तौर पर हुई है। आरोपी जानवरों की देखभाल करने का काम करता है और गोरेगांव वेस्ट में फुटपाथ पर रहता है।

यह घटना 9 सितंबर को रात करीब 11.30 बजे इलाके में एसवी रोड पर उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के सामने किंग स्टूडियो के पास हुई।

डोले के पिता शंकर डोले की शिकायत के अनुसार, डोले और वाघमारे के बीच बहस हो रही थी, तभी उनके दोस्त सुधांशु पांडे ने बीच-बचाव किया और उनसे पूछा कि वे क्यों लड़ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि वाघमारे ने पांडे से कहा कि डोले अक्सर बिना इजाजत के उसके कपड़े और दूसरी चीजें इस्तेमाल करता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि डोले ने बिना पूछे उसका कपड़ों वाला बैग ले लिया था और उसे वापस नहीं किया था।

एफआईआर में कहा गया है कि बहस के दौरान डोले ने वाघमारे को अपशब्द कहा, जिसके बाद वाघमारे ने उस पर हाथों से हमला किया। फिर उसने फुटपाथ पर पड़ा एक पत्थर उठाया और डोले के चेहरे पर मारा, जिससे उसे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

बताया जा रहा है कि हमले के बाद वाघमारे मौके से भाग गया। बाद में डोले मृत पाया गया। गोरेगांव पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

एक अलग घटना में पुलिस ने बताया कि गुरुवार तड़के पुणे के नारायण पेठ से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक 28 वर्षीय युवक का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। यह घटना तब हुई, जब दो लोगों ने युवक की अपनी एक महिला मित्र से बातचीत पर आपत्ति जताई।

यह घटना रात करीब 12.30 बजे सामने आई, जब इमरजेंसी नंबर 112 पर एक कॉल आया। कॉल में बताया गया कि प्रसाद सूर्यवंशी नाम के युवक का पेरूगेट पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र वाले इलाके से एक काली स्कॉर्पियो में अपहरण कर लिया गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीमों ने गाड़ी का पता लगाया और उसका पीछा किया। पुलिस ने सूर्यवंशी को बचाया, जिसे कथित तौर पर सिंहगढ़ रोड की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि रात करीब 1.23 बजे दो संदिग्धों को पकड़ा गया।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags