Samachar Nama
×

लखनऊ के भैसाकुंड में होगा मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार

लखनऊ, 14 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे लखनऊ के भैसाकुंड में किया जाएगा।
लखनऊ के भैसाकुंड में होगा मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार

लखनऊ, 14 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे लखनऊ के भैसाकुंड में किया जाएगा।

इससे पहले, अंतिम दर्शन के लिए प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा गया है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव (38 वर्ष) का बुधवार सुबह लखनऊ में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार से संबंधित जानकारी पत्नी अपर्णा यादव ने बुधवार रात को एक्स पर शेयर की।

अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अत्यंत दुख के साथ हम आपको सूचित करते हैं कि दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री 'पद्म विभूषण' मुलायम सिंह यादव के प्रिय पुत्र और हम सभी के प्रिय प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार कल सुबह 11 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में आपकी गरिमामय उपस्थिति अत्यंत निवेदन योग्य है।"

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक यादव की मृत्यु अचानक हृदय गति रुकने से हुई। उनकी मौत मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण हुई। रिपोर्ट के मुताबिक यह एक जानलेवा स्थिति होती है, जिसमें पैरों और पेल्विस क्षेत्र में बना रक्त का थक्का शरीर के ऊपरी हिस्सों तक पहुंच जाता है और अंततः फेफड़ों की धमनी को अवरुद्ध कर देता है। इस वजह से कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स हुआ, जो अंततः प्रतीक की असामयिक मृत्यु का कारण बना।

रिपोर्ट के अनुसार, हृदय और फेफड़ों से संबंधित थ्रोम्बोएम्बोलिक पदार्थों को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है, जबकि विसरा को रासायनिक विश्लेषण हेतु संरक्षित कर संबंधित पुलिस अधिकारी को सौंप दिया गया है।

सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी पी गुप्ता के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना मिलने पर डॉक्टरों की टीम प्रतीक यादव के आवास पर भेजी गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां सुबह लगभग 5:55 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतीक यादव के शरीर पर चोटों के कुल छह निशान पाए गए। सीने के दाहिने हिस्से, दाहिने हाथ, दाहिने अग्रभाग (फोरआर्म), दाहिनी कोहनी और बाईं कलाई पर गंभीर अंदरूनी चोट और त्वचा के नीचे रक्त जमाव के संकेत मिले।

पहली चोट 14×7 सेंटीमीटर आकार की थी, जो छाती के सामने वाले हिस्से पर पाई गई। इसका मध्य भाग लाल-भूरे रंग का था, जबकि किनारे हरे-पीले रंग के दिखाई दिए। दूसरी चोट 19×12 सेंटीमीटर आकार की थी, जो दाहिने हाथ के पिछले हिस्से पर मिली। तीसरी चोट 24×8 सेंटीमीटर की थी, जो दाहिने फोरआर्म पर पाई गई।

चौथी चोट 6×4 सेंटीमीटर की थी, जो दाहिने फोरआर्म पर मिली। पांचवीं चोट दाहिनी कोहनी पर और छठी चोट बाईं कलाई पर पाई गई। इन चोटों के नीचे रक्त जमाव मिलने से प्रारंभिक आशंकाओं की पुष्टि हुई।

डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि प्रतीक यादव के शरीर पर मिली सभी चोटें मौत से पहले लगी थीं। रिपोर्ट के अनुसार पहली, दूसरी और तीसरी चोट लगभग 5 से 7 दिन पुरानी थीं, जबकि चौथी, पांचवीं और छठी चोट करीब एक दिन पुरानी बताई गई हैं।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

Share this story

Tags