एमआरएफ का दूसरी तिमाही में मुनाफा 28 प्रतिशत घटकर 369 करोड़ रुपए रहा; आय 8,500 करोड़ रुपए के पार
मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। देश की दिग्गज टायर कंपनी एमआरएफ लिमिटेड ने मंगलवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी किए। इस दौरान कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 27.8 प्रतिशत कम होकर 369 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि 512 करोड़ रुपए था।
एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में कंपनी की आया सालाना आधार पर 17.6 प्रतिशत बढ़कर 8,524 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले साल की समान तिमाही में 7,250 करोड़ रुपए थी।
कंपनी की रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में ईबीआईटीडीए एक साल पहले के 1,090 करोड़ रुपए से 16.3 प्रतिशत घटकर 913 करोड़ रुपए रह गया।
इसके परिणामस्वरूप ईबीआईटीडीए मार्जिन में भारी गिरावट आई और यह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के 15 प्रतिशत से घटकर 10.7 प्रतिशत रह गया।
बिक्री अधिक होने के बावजूद कमाई में यह गिरावट मुख्य रूप से इनपुट लागत में काफी वृद्धि के कारण आई है।
सितंबर तिमाही के दौरान कुल खर्च 21.8 प्रतिशत बढ़कर 8,269.77 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 6,788.55 करोड़ रुपये था।
खर्च में इस बढ़ोतरी का एक मुख्य कारण कच्चे माल की लागत में भारी उछाल था। इस तिमाही में कच्चे माल पर कंपनी का खर्च सालाना आधार पर लगभग 43 प्रतिशत बढ़कर 6,552.57 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में 4,577.49 करोड़ रुपए था।
इनपुट लागत में हुई इस भारी बढ़ोतरी ने ऑपरेटिंग मार्जिन को कम कर दिया और कुल मुनाफे पर असर डाला।
कमाई पर पड़े इस दबाव के कारण, टैक्स से पहले का मुनाफा (पीबीटी) एक साल पहले के 700.45 करोड़ रुपए से घटकर 521.81 करोड़ रुपए रह गया। प्रति शेयर कमाई (ईपीएस) भी पिछले साल की इसी तिमाही के 1,243.60 रुपए से गिरकर 912.46 रुपए हो गई है।
एमआरएफ के बोर्ड ने वित्त वर्ष 27 के लिए 3 रुपए प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है। कंपनी ने डिविडेंड पाने के हकदार शेयरधारकों की पहचान करने के लिए 17 नवंबर को 'रिकॉर्ड डेट' तय किया है।
--आईएएनएस
एबीएस

