Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, भोपाल के नगर आयुक्त बने रामप्रकाश अहिरवार

मध्य प्रदेश सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, भोपाल के नगर आयुक्त बने रामप्रकाश अहिरवार
मध्य प्रदेश सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, भोपाल के नगर आयुक्त बने रामप्रकाश अहिरवार

भोपाल, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार ने एक आदेश जारी कर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है, जिसके तहत नगर निगमों और शहरी विकास से जुड़े अहम पदों पर तैनात चार आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है।

रविवार देर रात जारी एक आदेश के अनुसार, राम प्रकाश अहिरवार भोपाल के नए नगर आयुक्त (म्युनिसिपल कमिश्नर)होंगे। वे संस्कृति जैन की जगह लेंगे।

2018 बैच के आईएएस अधिकारी राम प्रकाश अहिरवार राज्य की राजधानी में आने से पहले जबलपुर में नागरिक मामलों (सिविक अफेयर्स) को संभाल रहे थे। भोपाल नगर आयुक्त और मेट्रो रेल कंपनी के प्रबंध निदेशक (मैनेजिंग डायरेक्टर) के रूप में उनकी दोहरी जिम्मेदारी को एक महत्वपूर्ण कार्यभार माना जा रहा है, क्योंकि भोपाल में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार चल रहा है और वहां बेहतर शहरी सेवाओं की आवश्यकता है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, संस्कृति जैन (2015 बैच) को अब वित्त विभाग में उप सचिव (डिप्टी सेक्रेटरी) के पद पर तैनात किया गया है। संस्कृति भोपाल नगर निगम की आयुक्त थीं और इनके पास मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी था।

अंजू अरुण कुमार (2017 बैच) का तबादला पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव के पद पर कर दिया गया है। अंजू के पास अभी तक स्मार्ट सिटी भोपाल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) थी और इनके पास भोपाल नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त का भी प्रभार था।

अग्रिम कुमार (2020 बैच), जो अभी छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं, उन्हें जबलपुर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। यह फेरबदल राज्य में नियमित प्रशासनिक बदलावों का हिस्सा है।

अधिकारियों ने बताया कि इन बदलावों का उद्देश्य भोपाल और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में नागरिक निकायों के कामकाज को सुचारू रूप से चलाना है, साथ ही वित्त और पंचायत विभागों में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करना है।

ये तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और अधिकारियों को जल्द से जल्द अपनी नई जिम्मेदारियां संभालने का निर्देश दिया गया है। नए आयुक्तों से उम्मीद है कि वे नागरिक सुविधाओं, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और राज्य की राजधानी में मेट्रो रेल परियोजना के साथ बेहतर तालमेल बिठाने को प्राथमिकता देंगे।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story