Samachar Nama
×

मोतीलाल ओसवाल के शेयर में लगातार चौथे दिन गिरावट, 11 प्रतिशत फिसलकर 900 के नीचे पहुंचा

मोतीलाल ओसवाल के शेयर में लगातार चौथे दिन गिरावट, 11 प्रतिशत फिसलकर 900 के नीचे पहुंचा
मोतीलाल ओसवाल के शेयर में लगातार चौथे दिन गिरावट, 11 प्रतिशत फिसलकर 900 के नीचे पहुंचा

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज (एमओएफएसएल) का शेयर शुक्रवार को करीब 11 प्रतिशत फिसल गया। यह लगातार चौथा सत्र है, जब इस शेयर में गिरावट देखने को मिली है।

यह गिरावट ऐसे समय पर देखने को मिली है, जब कंपनी की ओर से वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए थे।

शेयर ने मामूली बढ़त के साथ 944.50 रुपए पर कारोबार की शुरुआत की, लेकिन जल्द ही इसमें बिकवाली हावी हो गई और यह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर दिन के निचले स्तर 839.90 रुपए तक फिसल गया।

दोपहर के कारोबार के दौरान शेयर 8.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 859.20 रुपए पर कारोबार कर रहा था, जो व्यापक बाजार की तुलना में काफी कमजोर प्रदर्शन था। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, सत्र के दौरान 1 करोड़ से अधिक शेयरों का कारोबार हुआ।

कंपनी ने नियामकीय फाइलिंग में बताया कि जून 2026 को समाप्त तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 1,273.7 करोड़ रुपए रहा, जबकि इससे पिछली तिमाही में उसे 219 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा हुआ था। सालाना आधार पर शुद्ध लाभ में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

संचालन से प्राप्त राजस्व सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 3,425.7 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 2,679.2 करोड़ रुपए था। वहीं, तिमाही आधार पर कंपनी की कुल आय 27 प्रतिशत बढ़कर 2,695 करोड़ रुपए से 3,432 करोड़ रुपए पर पहुंच गई।

कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उसने अन्य व्यापक आय (ओसीआई) सहित अब तक का सर्वाधिक तिमाही कर-पश्चात लाभ 1,513 करोड़ रुपए दर्ज किया, जिसे उसके एसेट मैनेजमेंट कारोबार में मजबूत वृद्धि का समर्थन मिला।

एसेट मैनेजमेंट कारोबार, जिसमें एएमसी और एमओ अल्टरनेट्स व्यवसाय शामिल हैं, से कर-पश्चात लाभ सालाना आधार पर 73 प्रतिशत बढ़कर 245 करोड़ रुपए हो गया। यह कुल कर-पश्चात लाभ में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा।

कंपनी की कुल प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) सालाना आधार पर 31 प्रतिशत बढ़कर 2.12 लाख करोड़ रुपए हो गईं।

प्राइवेट वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। इस कारोबार से राजस्व सालाना आधार पर 42 प्रतिशत बढ़कर 157 करोड़ रुपए हो गया, जबकि वेल्थ मैनेजमेंट खंड का परिचालन राजस्व (टॉपलाइन) 26 प्रतिशत बढ़ा।

ब्रोकरेज कारोबार से राजस्व में सालाना आधार पर 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, कमोडिटी कारोबार सहित कंपनी की कुल औसत दैनिक कारोबार (एडीटीओ) में बाजार हिस्सेदारी तिमाही के दौरान 7.6 प्रतिशत रही।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags