Samachar Nama
×

मास्को पर यूक्रेन का दो वर्षों में सबसे बड़ा ड्रोन हमला, 620 यूएवी से निशाना

मास्को पर यूक्रेन का दो वर्षों में सबसे बड़ा ड्रोन हमला, 620 यूएवी से निशाना
मास्को पर यूक्रेन का दो वर्षों में सबसे बड़ा ड्रोन हमला, 620 यूएवी से निशाना

मास्को, 18 अगस्त (आईएएनएस)। रूस की राजधानी मास्को पर यूक्रेन ने बड़ा ड्रोन हमला किया है। ये पिछले दो वर्षों में किया गया सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है। शहर के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने मंगलवार को बताया कि सोमवार शाम से मंगलवार सुबह पांच बजे तक मॉस्को क्षेत्र की ओर 620 मानवरहित विमान पहुंचे, जिनमें से 180 को रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया।

सोबयानिन ने कहा, " जहां ड्रोन का मलबा गिरा उन स्थलों पर आपातकालीन दल काम कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले में किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है।"

हवाई हमले के खतरे को देखते हुए मास्को के वनुकोवो, झुकोव्स्की और डोमोडेदोवो हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। वहीं, शेरेमेत्येवो हवाई अड्डे पर भी आंशिक प्रतिबंध लगाए गए। शिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी।

मॉस्को पर ड्रोन हमले का पिछला रिकॉर्ड रविवार रात बना था, जब करीब 600 ड्रोन के जरिए रूसी राजधानी को निशाना बनाए जाने की सूचना मिली थी। महज दो दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा ड्रोन हमला है, जिससे रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में हवाई हमलों की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इससे पहले 12 अगस्त को यूक्रेनी ड्रोन हमले में रूस के नोवोरोस्सिय्स्क शहर में तीन लोगों की मौत और आठ अन्य के घायल होने की सूचना मिली थी। क्रास्नोडार के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने इसकी पुष्टि की थी।

हमले के बाद नोवोरोस्सिय्स्क के मेयर आंद्रेई क्रावचेंको ने आपातकाल की स्थिति घोषित की थी। ड्रोन हमले में कई शैक्षणिक संस्थानों को नुकसान पहुंचा था और पानी की दो मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे शहर में जलापूर्ति प्रभावित हुई। एक पाइपलाइन की मरम्मत कर दी गई है, जबकि दूसरी की मरम्मत का काम जारी है।

रूस के अन्य क्षेत्रों से भी ड्रोन हमलों में नागरिकों के हताहत होने की खबरें सामने आई हैं। बेलगोरोद क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान ड्रोन हमलों में दो लोगों की मौत और तीन के घायल होने की सूचना है। रूस के नियंत्रण वाले लुहांस्क क्षेत्र में एक बच्चे की मौत हुई, जबकि एक किशोर और सात वयस्क घायल हुए। क्रीमिया में भी एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने बुधवार को दावा किया कि नोवोरोस्सिय्स्क में हुआ हमला रूस के नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाकर किया गया था। यह अड्डा काला सागर में रूसी बेड़े के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। जेलेंस्की के अनुसार, हमले में रूसी वायु रक्षा ठिकानों, पियर और बंदरगाह से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को निशाना बनाया गया।

लगातार हो रहे ड्रोन हमले रूस-यूक्रेन युद्ध के उस चरण को दर्शाते हैं, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों के साथ-साथ महत्वपूर्ण शहरी एवं बुनियादी ढांचे को भी निशाना बना रहे हैं।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags