Samachar Nama
×

सऊदी अरब दौरे पर कीर्ति वर्धन सिंह: भारतीय समुदाय से की मुलाकात, कहा- आपका योगदान अमूल्य

सऊदी अरब दौरे पर कीर्ति वर्धन सिंह: भारतीय समुदाय से की मुलाकात, कहा- आपका योगदान अमूल्य
सऊदी अरब दौरे पर कीर्ति वर्धन सिंह: भारतीय समुदाय से की मुलाकात, कहा- आपका योगदान अमूल्य

रियाद, 8 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने सऊदी अरब में भारतीय समुदाय के एक बड़े वर्ग के साथ संवाद किया और प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने में उनकी भूमिका की सराहना की।

सिंह ने समुदाय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के विजन को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का भी आग्रह किया।

मंगलवार को एक्स पोस्ट में, राज्य मंत्री (एमओएस) ने कहा, "दूतावास के संरक्षण में 'ऑल-इंडिया स्टीयरिंग कमेटी' द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में सऊदी अरब में जीवंत भारतीय समुदाय के विभिन्न लोगों से मिलकर खुशी हुई। व्यापार, निवेश, ऊर्जा और संस्कृति के क्षेत्रों में भारत-सऊदी अरब संबंधों को मजबूत करने में उनके अमूल्य योगदान सराहनीय है। उन्हें माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत@2047' के विजन को साकार करने में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।"

सिंह ने रियाद में 'इंटीग्रल यूनिवर्सिटी एलुमनाई चैप्टर - सऊदी अरब' का भी उद्घाटन किया और कहा, "उन पूर्व छात्रों से मिलकर अच्छा लगा जिन्होंने इस देश को अपना दूसरा घर बना लिया है और जो अपने शिक्षण संस्थान (अल्मा मेटर) के मूल्यों और सीख को अपने साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं।"

सोमवार को, सिंह ने भारतीय व्यापारियों, उद्यमियों, निवेशकों और पेशेवरों के साथ भी संवाद किया और सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में उनकी "अमूल्य" भूमिका की सराहना की।

राज्य मंत्री सिंह ने इसकी जानकारी भी एक्स पर दी। उन्होंने कहा, "सऊदी अरब में भारतीय व्यापारियों, उद्यमियों, निवेशकों और पेशेवरों के साथ सार्थक बातचीत हुई। भारत-सऊदी अरब द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में उनकी अमूल्य भूमिका की सराहना की और दोनों देशों के बीच व्यापार के अवसरों का लाभ उठाने पर चर्चा की, जिसमें 3टी - व्यापार (ट्रेड), निवेश (इंवेस्टमेंट), पर्यटन (टूरिज्म) और प्रौद्योगिकी (टेक्नोलॉजी) में साझेदारी को बढ़ावा देना शामिल है।"

इसके अलावा, उन्होंने रियाद में भारतीय दूतावास के अधिकारियों के साथ बातचीत की और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के 3टी—व्यापार, प्रौद्योगिकी और पर्यटन—के विजन को आगे बढ़ाने के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

राज्य मंत्री सिंह ने कहा, "भारत-सऊदी अरब संबंधों को और मजबूत करने तथा प्रभावी, नागरिक-केंद्रित कांसुलर सेवाएं प्रदान करने के महत्व पर जोर दिया।"

उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत दूतावास में एक पौधा भी लगाया।

सिंह ने एक्स पर कहा, "एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रियाद में भारतीय दूतावास में अपनी मां को समर्पित एक पौधा लगाया - यह पहल मातृत्व के प्रति हमारे गहरे सम्मान और हरित भविष्य के प्रति हमारी साझा जिम्मेदारी को खूबसूरती से दर्शाती है।"

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags