मुंबई में पहुंचा मानसून, रात भर जमकर हुई बारिश, अलर्ट जारी
मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून के आने के साथ ही रात भर भारी बारिश हुई। बुधवार सुबह, जब पूरे इलाके में भारी बारिश जारी थी, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और पालघर के लिए तीन घंटे का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया।
बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) ने आईएमडी का हवाला देते हुए एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और बहुत तेज बारिश होने की संभावना है, साथ ही 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।"
रात भर लगातार बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में भारी जलजमाव की खबर मिली। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में औसत बारिश 78 मिमी दर्ज की गई।
ठाणे में पेड़ कई गाड़ियों पर गिर गए। इस घटना के बाद, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी और वर्तक नगर वार्ड कमेटी के आपदा प्रबंधन सेल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों और आपदा प्रबंधन स्टाफ की मदद से गिरे हुए पेड़ को काटकर हटा दिया गया।
तरह मुंबई के विक्रॉली इलाके में सनहाइट्स बिल्डिंग के बगल में लंबी रिटेनिंग वॉल ढह गई। दीवार बिल्डिंग से सटी हुई थी और रोड से भी लगी थी। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। नगर निगम टीम मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया।
आईएडी ने कहा है कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ में मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं। साथ ही, यह भी कहा गया है कि आने वाले दिनों में इन राज्यों में और बारिश होने की उम्मीद है।
आईएमडी ने एक बयान में कहा, "दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के बाकी हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के अतिरिक्त इलाकों, तेलंगाना और ओडिशा के बाकी हिस्सों और छत्तीसगढ़, झारखंड व बिहार के और क्षेत्रों में आगे बढ़ गया है।"
बीएसी के अनुसार, मुंबई में सभी प्रमुख सबवे खुले रहे और ट्रैफिक की आवाजाही काफी हद तक सुचारू रही। उपनगरीय रेल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं और बेस्ट बसों का संचालन भी बिना किसी रुकावट के जारी रहा।
पश्चिम रेलवे ने आईएमडी की ओर से बताया कि शहर और आसपास के इलाकों में आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम से भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और गरजने की संभावना है। हालांकि मुंबई उपनगरीय लाइन और हार्बर लाइन पर ट्रेनें नियमित रूप से चलती रहेंगी।
आईएमडी ने सुबह 7 बजे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग में मध्यम से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट तीन घंटे के लिए जारी किया गया है। अधिकारियों ने लोगों को दिन भर सावधानी बरतने की सलाह दी।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

