मिजोरम पुलिस ने फर्जी छुट्टी आदेश फैलाने के आरोप में एक शख्स को किया गिरफ्तार
आइजोल, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। मिजोरम पुलिस ने एक 18 साल के युवक को सोशल मीडिया पर एक फर्जी आदेश प्रसारित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस फर्जी आदेश में दावा किया गया था कि राज्य में भारी बारिश के कारण 27 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को मिजोरम सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव द्वारा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत में कहा गया था कि सोशल मीडिया पर एक फर्जी आदेश व्यापक रूप से फैलाया जा रहा है, जिसमें गलत तरीके से भारी बारिश के कारण सार्वजनिक अवकाश घोषित होने की बात कही गई थी।
यह सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के रूप में प्रस्तुत किया गया था।
इसमें अतिरिक्त सचिव की मंजूरी का उल्लेख किया गया था और साथ ही उप सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर भी लगाए गए थे।
इस फर्जी दस्तावेज के प्रसार से जनता में काफी भ्रम और अव्यवस्था फैल गई।
शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने 27 अप्रैल को भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने लगातार जांच के जरिए 24 घंटे के भीतर फर्जी पोस्ट के स्रोत का पता लगा लिया।
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आइजोल के अपर रिपब्लिक वेंग निवासी 18 साल के एक लड़के के रूप में हुई है। उसे कानूनी कार्रवाई के लिए हिरासत में ले लिया गया।
मिजोरम पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें, जाली सरकारी दस्तावेज या भ्रामक सामग्री बनाना और फैलाना गंभीर अपराध है और इसके लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बयान में यह भी कहा गया कि ऐसे अवैध कार्यों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

