कोलकाता के बंद क्लब हाउस में धमाकों से मची अफरा-तफरी, जांच शुरू
कोलकाता, 7 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर कोलकाता के पाइकपाड़ा इलाके में शनिवार सुबह एक बंद क्लब हाउस में हुए कई छोटे धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 1/2 सी गांगुलीपाड़ा लेन, पाइकपाड़ा स्थित एक बंद पड़े क्लब हाउस में सुबह करीब 7 बजे हुई। धमाके इतने तेज थे कि क्लब हाउस की टिन की छत उड़कर पास की एक बहुमंजिला इमारत की छत पर जा गिरी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि किसी ने बंद पड़े इस क्लब हाउस में कच्चा बम (क्रूड बम) रख दिया था। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि इलाके में चल रहे प्रमोटरों के बीच विवाद के कारण यह घटना हुई हो सकती है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले किसी और वजह से तो यह धमाका नहीं कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह-सुबह तेज धमाकों की आवाज सुनकर लोग नींद से जाग गए। उन्होंने बताया कि कम से कम पांच जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। जब लोग घरों से निकले तो देखा कि क्लब हाउस की टिन की छत उड़ चुकी थी और मुख्य दरवाजा भी टूट गया था। अंदर आग भी लगी हुई थी और क्लब का सामान बिखरा पड़ा था।
स्थानीय लोगों ने तुरंत चितपुर पुलिस थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्लब और इसके आसपास की जमीन पर हाउसिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना थी। इसी को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। यह क्लब पिछले 6-7 महीनों से बंद पड़ा था, लेकिन आसपास के लोगों का कहना है कि यहां कभी-कभी बाहरी लोग आते थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते किसी ने बंद क्लब हाउस में बम छिपाकर रख दिए होंगे।
घटना के बाद इलाके के लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और इलाके में तुरंत पुलिस तैनात करने तथा क्लब हाउस के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी

