मिहिर आहूजा के लिए क्यों खास है 'दिलवाली दिवाली'? एक्टर बोले-'खुद का नया पहलू खोजने का मिला मौका'
मुंबई, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक्टर मिहिर आहूजा अपनी नई फिल्म 'दिलवाली दिवाली' में एक अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं। नेटफ्लिक्स की आने वाली इस फिल्म में वह परिवार, रिश्तों और त्योहारों से जुड़ी भावनाओं को पर्दे पर उतारेंगे। मिहिर का कहना है कि इस फिल्म ने उन्हें एक कलाकार के तौर पर खुद को नए अंदाज में पेश करने का मौका दिया है।
मिहिर ने अपने नए प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए कहा, ''एक कलाकार के तौर पर मुझे हमेशा ऐसे किरदार निभाना अच्छा लगता है जो मेरे पिछले काम से अलग हों। 'ऑपरेशन सफेद सागर' जैसे गंभीर प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के बाद 'दिलवाली दिवाली' ने मुझे भावनाओं की एक अलग दुनिया को समझने और उसमें काम करने का मौका दिया।''
नेटफ्लिक्स की आने वाली फिल्म 'दिलवाली दिवाली' को टेरिबली टाइनी टेल्स (टीटीटी) ने बनाया है। फिल्म में मिहिर के साथ अनुभवी कलाकार मनोज पाहवा और नीलू कोहली भी नजर आएंगे।
फिल्म को लेकर मिहिर ने कहा, ''परिवार, रिश्तों और त्योहारों पर बनी कहानियों की खास बात यह होती है कि लोग उनसे आसानी से जुड़ पाते हैं। ऐसी कहानियों में उन्हें अपनी जिंदगी और अपने आसपास के लोगों की झलक दिखाई देती है। इस फिल्म में मेरे लिए सबसे दिलचस्प बात अपने किरदार की छोटी-छोटी बातों को समझना और अपने व्यक्तित्व का ऐसा पहलू सामने लाना था, जिसे दर्शकों ने पहले नहीं देखा है।''
मिहिर ने कहा, ''हर नया किरदार मुझे एक कलाकार के तौर पर आगे बढ़ने का मौका देता है। किसी किरदार को निभाते समय मैं न सिर्फ उस व्यक्ति को समझने की कोशिश करता हूं बल्कि अपने बारे में भी कुछ नया जान पाता हूं। 'दिलवाली दिवाली' में ऐसी भावनाएं और हालात देखने को मिलेंगे, जिनसे दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे। इसकी कहानी में कुछ ऐसे मोड़ भी होंगे, जो इसे दिलचस्प बनाएंगे। मुझे उम्मीद है कि दर्शक उन्हें इस नए अंदाज में पसंद करेंगे और उनके किरदार से जुड़ पाएंगे।''
मिहिर आहूजा इससे पहले कई फिल्मों और वेब सीरीज में काम कर चुके हैं। वह ऋतिक रोशन की फिल्म 'सुपर 30' में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने 'मेड इन हेवन 2', 'द आर्चीज' और 'विजय 69' जैसे प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है।
--आईएएनएस
पीके/पीएम

