मेलबर्न में मोदी : पीएम मोदी का भाषण सुनने मार्वल स्टेडियम में 30,000 से ज्यादा लोग पहुंचे
मेलबर्न, 9 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्वल स्टेडियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करने से पहले मेलबर्न में 30,000 से ज्यादा लोग इकट्ठा हुए हैं। यह ऑस्ट्रेलिया में किसी भी वर्ल्ड लीडर के लिए अब तक की सबसे बड़ी सभा बन गई है।
"मेलबर्न मीट्स मोदी" नामक इस कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग जोर-जोर से 'मोदी, मोदी' और 'भारत माता की जय' के नारे लगा रहे थे।
मेलबर्न का प्रतिष्ठित मार्वल स्टेडियम जबरदस्त उत्साह से गूंज रहा है, जहां भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय का विशाल जनसमूह प्रवासी भारतीय कार्यक्रम के समर्थन में उमड़ पड़ा है।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत और जोशीले नारों से पूरा स्टेडियम ऊर्जा से भर गया है। हजारों लोग प्रधानमंत्री के मंच पर पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पूरे वेन्यू में भारतीय तिरंगे और ऑस्ट्रेलियाई झंडे लहरा रहे थे, जो दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों को दिखा रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी के भाषण से पहले कुछ भारतीय लोगों ने भी अपनी खुशी जाहिर की।
भारतीय समुदाय के एक शख्स ने कहा, “सच में मेलबर्न के बीचोंबीच इतिहास बनने जा रहा है।"
एक अन्य शख्स ने कहा, "मैं आज बहुत, बहुत उत्साहित हूं और मोदी जी से मिलने का इंतजार नहीं कर सकता। मेलबर्न मोदी के स्वागत को तैयार है।”
दूसरे शख्स ने कहा, "मैं नरेंद्र मोदी जी का बहुत बड़ा फैन हूं। वह आज के शानदार भारत के पीछे के आदमी हैं, जिन्होंने कई तरह से भारत को बनाया और आज के शानदार भारत के लिए बड़े फैसले लिए।”
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को मेलबर्न में औपचारिक स्वागत हुआ। ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित भी किया गया। पीएम मोदी गवर्नमेंट हाउस विक्टोरिया में सेरेमोनियल कार्यक्रम के लिए पहुंचे। इस दौरान उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। ऑस्ट्रेलियाई सेना पीएम मोदी के सेरेमोनियल स्वागत के लिए एक लाइन में लगी और इस दौरान भारत का राष्ट्रगान गूंज उठा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम स्कॉट मॉरिसन से भी मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने लिखा, "ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री श्री स्कॉट मॉरिसन से मिलकर हमेशा अच्छा लगता है। भारत-ऑस्ट्रेलिया दोस्ती पर हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई।"
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम के लिए पहुंचे अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज से मुलाकात की। अल्बनीज ने पीएम मोदी का स्वागत किया और दोनों नेताओं ने एक तस्वीर खिंचवाई।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बड़े बिजनेस लीडर्स को संबोधित किया।
--आईएएनएस
केके/पीएम

