Samachar Nama
×

मेघालय : सीएम संगमा ने सभी के लिए सुलभ सार्वजनिक जगह बनाने के लिए वेंडरों से सहयोग की अपील की

मेघालय : सीएम संगमा ने सभी के लिए सुलभ सार्वजनिक जगह बनाने के लिए वेंडरों से सहयोग की अपील की
मेघालय : सीएम संगमा ने सभी के लिए सुलभ सार्वजनिक जगह बनाने के लिए वेंडरों से सहयोग की अपील की

शिलांग, 12 अगस्त (आईएएनएस)। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने बुधवार को यहां हाल ही में बने पोलो वेंडर्स मार्केट में सड़क किनारे सामान बेचने वालों के पुनर्वास के काम का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शिलांग में सुरक्षित और सभी को साथ लेकर चलने वाली सार्वजनिक जगहें बनाने के लिए सभी संबंधित लोगों का सहयोग जरूरी है।

बाजार का निरीक्षण करने और वेंडर्स से बातचीत करने के बाद, संगमा ने कहा कि इस रिलोकेशन (जगह बदलने) पहल का मकसद यह पक्का करना है कि 'आम लोग आसानी से चल-फिर सकें' और साथ ही आर्थिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी मदद देकर वेंडर्स की आजीविका की रक्षा भी की जा सके। उन्होंने वेंडर्स और आम जनता से इस बदलाव के दौरान सरकार का सहयोग करने की अपील की और कहा, "हम सभी के लिए एक साथ आगे बढ़ने और एक समाज के तौर पर तरक्की करने का यह सबसे अच्छा तरीका है।"

यह मानते हुए कि जगह बदलने से वेंडर्स के लिए चुनौतियां पैदा हो सकती हैं, संगमा ने कहा कि एक-दूसरे के साथ सहयोग और मिलकर काम करके ही समाधान निकाले जा सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जैसे-जैसे सरकार शहरी पुनर्वास की कोशिशें जारी रखेगी, दूसरे इलाकों के लोगों को भी इसी तरह की मदद दी जा सकती है।

मुख्यमंत्री शहरी आजीविका अनुदान (सीएम यूएलजी) के तहत, जिन वेंडर्स के पास वैध 'सर्टिफिकेट ऑफ वेंडिंग' है, वे 20,000 रुपए की सहायता पाने के हकदार हैं। इसमें 10,000 रुपए का तुरंत भुगतान और उसके बाद पांच महीनों तक हर महीने 2,000 रुपए की सहायता शामिल है। एसबीआई के सामने वाले वेंडिंग जोन के लिए कुल 65 सीओवी जारी किए गए हैं, जबकि मातृ मंदिर के पास वाले वेंडिंग ज़ोन के लिए 106 सीओवी जारी किए गए हैं।

पोलो वेंडर्स मार्केट को 2,270 वर्ग मीटर की जगह पर बनाया गया है, जिसमें वेंडिंग एरिया 620 वर्ग मीटर में फैला है। इसमें 132 स्टॉल हैं, जिनमें से 48 स्टॉल पोलो से हटाए गए वेंडर्स के लिए और 84 स्टॉल जेल रोड से हटाए गए वेंडर्स के लिए तय किए गए हैं। अब तक, 72 वेंडर्स ने अपने आवंटित स्टॉल का कब्जा ले लिया है।

संगमा ने बाजार के अलग-अलग हिस्सों का दौरा भी किया और जगह बदलने के बाद वेंडर्स के कारोबार की स्थिति को समझने के लिए उनसे सीधे बातचीत की।

यह पुनर्वास कार्य 'मेघालय स्ट्रीट वेंडर्स (आजीविका की सुरक्षा और स्ट्रीट वेंडिंग का नियमन) योजना, 2023' के तहत किया जा रहा है। सरकार का मकसद पैदल चलने वालों की आवाजाही को आसान बनाना, ट्रैफिक जाम कम करना और व्यस्त कमर्शियल इलाकों में सुरक्षित सार्वजनिक जगहें बनाना है।

इस बाजार में बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जैसे कि शौचालय, स्टॉल में एलईडी लाइटिंग और हैलोजन लैंप। साथ ही, सब्जी, फल, कपड़े, फास्ट फ़ूड, मछली, चिकन और अन्य सामान बेचने वाले वेंडर्स के लिए तय जगहें भी बनाई गई हैं।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story