Samachar Nama
×

भारत ने कतर के पूर्व अमीर के निधन पर जताया शोक, विदेश मंत्रालय सचिव पहुंचे दूतावास

भारत ने कतर के पूर्व अमीर के निधन पर जताया शोक, विदेश मंत्रालय सचिव पहुंचे दूतावास
भारत ने कतर के पूर्व अमीर के निधन पर जताया शोक, विदेश मंत्रालय सचिव पहुंचे दूतावास

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) के आर्थिक संबंध सचिव सुधाकर दलेला ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कतर दूतावास पहुंच पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर भारत सरकार और देश की जनता की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दूतावास में रखी शोक पुस्तिका (कंडोलेंस बुक) पर हस्ताक्षर भी किए।

कतर के 'फादर अमीर' के नाम से प्रसिद्ध शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का रविवार को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

पूर्व अमीर के सम्मान में भारत सरकार ने सोमवार को 'एक दिन के राष्ट्रीय शोक' की घोषणा की थी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन सहित सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा।

इससे पहले मंगलवार को केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू दोहा पहुंचे और कतर के मौजूदा अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मुलाकात कर भारत की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कतर स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि किरेन रिजिजू ने भारत सरकार और भारतीय जनता की ओर से अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के समक्ष पूर्व अमीर के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भी व्यक्तिगत संदेश पहुंचाया।

दूतावास ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले भी शेख हमद बिन खलीफा अल थानी की कतर के विकास में अहम भूमिका और भारत-कतर रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनके योगदान को याद किया था।

मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें "दूरदर्शी नेता" और "भारत का सच्चा मित्र" बताया था।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "हम कतर के फादर अमीर, महामहिम शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। उन्होंने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात का मुझे सम्मान प्राप्त हुआ था। मैं कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"

शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने वर्ष 1995 से 2013 तक कतर पर शासन किया। वर्ष 2013 में उन्होंने सत्ता अपने पुत्र शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी। उनके शासनकाल में कतर ने आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की और अरब तथा वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags