Samachar Nama
×

विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के राष्ट्रपति से की मुलाकात

विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के राष्ट्रपति से की मुलाकात
विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के राष्ट्रपति से की मुलाकात

मोगादिशु, 14 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) में सचिव (कांसुलर, पासपोर्ट एवं वीजा और प्रवासी भारतीय मामलों) श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख महमूद और उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं पहुंचाईं।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर बताया कि श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख मोहामुद से मुलाकात की और भारत के शीर्ष नेतृत्व की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति महमूद ने भारत के साथ अपने पुराने संबंधों को याद किया। उन्होंने वर्ष 2015 में भारत की अपनी यात्रा का भी जिक्र किया और भारत-सोमालिया साझेदारी को और मजबूत बनाने के अपने दृष्टिकोण को साझा किया। वहीं, श्रीप्रिया रंगनाथन ने दोनों देशों के साझा हितों वाले प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस यात्रा के दौरान भारत और सोमालिया ने दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित परामर्श के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए। यह समझौता श्रीप्रिया रंगनाथन और सोमालिया के उप विदेश मंत्री हसन मोहम्मद अली के बीच हुई बैठक में हुआ।

बैठक में दोनों पक्षों ने व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग, शिक्षा और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। साथ ही क्षेत्र में हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह समझौता दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित और व्यवस्थित बातचीत का एक औपचारिक ढांचा प्रदान करेगा। इससे द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति और भविष्य की संभावनाओं की समय-समय पर समीक्षा की जा सकेगी।

अपनी यात्रा के दौरान श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के रक्षा मंत्री अहमद मोआलिम फिकी से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। बातचीत में विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और बदलते सुरक्षा माहौल पर भी अपने विचार साझा किए।

केन्या स्थित भारतीय उच्चायोग के अनुसार, हाल के वर्षों में भारत की ओर से सोमालिया की यह पहली उच्चस्तरीय द्विपक्षीय यात्रा है।

उच्चायोग ने कहा कि यह दौरा भारत और सोमालिया के लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags