फैक्ट चेक: ब्रिक्स सम्मेलन के बाद विश्व नेताओं के बीमार होने का दावा फर्जी, विदेश मंत्रालय ने किया अलर्ट
नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) की फैक्ट चेक टीम ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कई भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण पोस्टों को लेकर लोगों को सावधान किया। इन पोस्टों में दावा किया जा रहा था कि भारत में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद कई विश्व नेता बीमार पड़ गए हैं।
एमईए फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भ्रामक! लोगों को सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे ऐसे दुर्भावनापूर्ण पोस्टों से सावधान रहना चाहिए।"
एमईए फैक्ट चेक ने 'फर्स्ट स्क्वाक' नामक अकाउंट की एक पोस्ट भी साझा की। उस पोस्ट में दावा किया गया था, "बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा सहित कई विश्व नेता भारत में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद कथित रूप से बीमार पड़ गए हैं। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बारे में रिपोर्टों की पुष्टि नहीं हुई है।"
फैक्ट चेक टीम ने 'अनयूजुअल व्हेल्स' की एक पोस्ट भी साझा की, जिसमें कहा गया था, "ताजा जानकारी: दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा समेत कई विश्व नेता, और कथित रूप से चीन के शी जिनपिंग भी, ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के बाद बीमार पड़ गए हैं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।"
एमईए फैक्ट चेक ने 'रॉ एग नेशनलिस्ट' नामक अकाउंट की एक पोस्ट भी साझा की। इस पोस्ट में एक वीडियो के साथ लिखा गया था, "विशेष: मैं अब ब्रिक्स सम्मेलन के लिए तैयार किए गए भोजन का पहला वीडियो दिखा सकता हूं, जिसने कथित तौर पर शी जिनपिंग और सिरिल रामाफोसा को बीमार कर दिया।"
फैक्ट चेक टीम ने 'डक्का-डक्का' नाम के एक यूजर की पोस्ट का भी उल्लेख किया। इस पोस्ट में आरोप लगाया गया था कि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित कुछ नेताओं को भारत में आयोजित ब्रिक्स कार्यक्रम के दौरान फूड पॉइजनिंग हो गई थी। एमईए फैक्ट चेक ने इस दावे को भ्रामक बताया।
इसके अलावा, 'ब्रिक्स न्यूज' नामक 'एक्स' अकाउंट की एक पोस्ट भी साझा की गई, जिसमें दावा किया गया था, "दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामाफोसा भारत में ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के बाद बीमार हो गए।"
एमईए फैक्ट चेक ने इस दावे को भी भ्रामक करार दिया। फैक्ट चेक टीम ने 'इमैनुएल किमुताई मोटेलिन' की एक पोस्ट का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था, "भारत में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के बाद कई विश्व नेता कथित रूप से बीमार पड़ गए हैं।" इस दावे को भी एमईए फैक्ट चेक ने भ्रामक बताया।
इसके अलावा 'मैव्रिक' नाम के एक यूजर की पोस्ट भी साझा की गई, जिसमें भारत से लौटे दो विश्व नेताओं की खराब सेहत को लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की गई थी। एमईए फैक्ट चेक ने संकेत दिया कि इस तरह की टिप्पणियां भी भ्रामक जानकारी फैलाने वाली पोस्टों का हिस्सा हैं।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम

