Samachar Nama
×

होर्मुज स्‍ट्रेट में एलपीजी टैंकर पर हमले की भारत ने की निंदा, लापता भारतीय नाविक की तलाश जारी

होर्मुज स्ट्रेट में एलपीजी टैंकर पर हमले की भारत ने की निंदा, लापता भारतीय नाविक की तलाश जारी
होर्मुज स्‍ट्रेट में एलपीजी टैंकर पर हमले की भारत ने की निंदा, लापता भारतीय नाविक की तलाश जारी

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने मंगलवार को होर्मुज स्‍ट्रेट में पनामा-ध्वज वाले एलपीजी टैंकर 'एमटी तारा गैस' पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बताया कि जहाज पर सवार 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, दो घायल भारतीय क्रू सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है।

विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, "हम 16 नवंबर 2026 को होर्मुज स्‍ट्रेट में पनामा-ध्वज वाले एलपीजी टैंकर एमटी तारा गैस पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को ओमान के खासाब बंदरगाह पर सुरक्षित उतार लिया गया है। दो घायल भारतीय क्रू सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है।"

मंत्रालय के मुताबिक, ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर चलाए जा रहे खोज और बचाव अभियान पर लगातार नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय ने कहा, "बचाव अभियान में ओमान सरकार की ओर से समय पर दी गई सहायता और सहयोग के लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं।"

जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए मंत्रालय ने कहा कि इस क्षेत्र में समुद्री जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इससे आम नाविकों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। व्यावसायिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाया जाना तुरंत बंद होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार वैश्विक समुद्री मार्गों पर निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही तथा व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।

इससे पहले केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया था कि टैंकर पर दोबारा हमला हुआ, जिसके बाद पूरे क्रू को जहाज छोड़ना पड़ा।

सोनोवाल ने 'एक्स' पर लिखा, "एक चिंताजनक घटनाक्रम में पनामा-ध्वज वाले एलपीजी टैंकर 'तारा गैस' पर फिर हमला किया गया, जिसके कारण पूरे क्रू को जहाज छोड़ना पड़ा। हालांकि 24 क्रू सदस्यों का पता चल गया है, लेकिन एक भारतीय नाविक अब भी लापता है।"

उन्होंने कहा कि लापता नाविक की तलाश जारी है और बचाए गए सभी क्रू सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सोनोवाल ने कहा क‍ि हम जहाज प्रबंधन कंपनी और क्षेत्रीय बचाव एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि लापता भारतीय नाविक का पता लगाया जा सके और बचाए गए क्रू सदस्यों की सुरक्षा, देखभाल और जरूरी सहायता सुनिश्चित की जा सके।

मंगलवार को ही सोनोवाल ने पहले जानकारी दी थी कि सोमवार को होर्मुज स्‍ट्रेट में मिसाइल हमले का शिकार हुए 'तारा गैस' जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित थे। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले ही एक अन्य जहाज, जिस पर भारतीय नाविक सवार थे, फारस की खाड़ी में हमले का शिकार हुआ था।

पिछले सप्ताह सोनोवाल ने बताया था कि लाइबेरिया-ध्वज वाला बहुत बड़ा कच्चा तेल टैंकर 'एमटी फुजैराह एनर्जी' 10 नवंबर को फारस की खाड़ी से गुजर रहा था, तभी उस पर एक प्रोजेक्टाइल हमला हुआ। जहाज पर छह भारतीय नाविक सवार थे। इस हमले में चार क्रू सदस्य घायल हुए थे, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल था।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags