भारत के टॉप-5 उच्च-मध्यम आय वर्ग में तेलंगाना शामिल, केटीआर ने राज्य की उपलब्धि पर जताया गर्व
हैदराबाद, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने बुधवार को कहा कि विश्व बैंक द्वारा तेलंगाना को भारत के शीर्ष पांच ‘अपर-मिडिल-इनकम’ (उच्च-मध्यम आय वर्ग) वाले राज्यों में शामिल किया जाना राज्य के लोगों के लिए गर्व की बात है।
रामा राव ने इस उपलब्धि का श्रेय तेलंगाना के लोगों की मेहनत और के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के नेतृत्व में बीआरएस सरकार के 10 साल के कार्यकाल के दौरान उठाए गए कदमों को दिया।
वर्ल्ड बैंक की प्रति व्यक्ति आय वर्गीकरण रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए बीआरएस नेता ने कहा कि यह उन लोगों के आरोपों का उचित जवाब है, जो दावा कर रहे थे कि तेलंगाना आर्थिक रूप से दिवालिया हो गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रति व्यक्ति आय के आधार पर पांच राज्यों ने विश्व बैंक की ‘ऊपरी-मध्यम आय’ श्रेणी की सीमा को पार कर लिया है।
दिल्ली 6,217 डॉलर की प्रति व्यक्ति आय के साथ इस सूची में पहले स्थान पर है। वहीं, कर्नाटक 5,579 डॉलर और तेलंगाना 5,407 डॉलर की प्रति व्यक्ति आय के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। तमिलनाडु 5,329 डॉलर के साथ चौथे और गुजरात 4,734 डॉलर की प्रति व्यक्ति आय के साथ पांचवें स्थान पर है।
केटीआर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, "यह तेलंगाना के लोगों के लिए गर्व का पल है। कड़ी मेहनत से बना यह अलग राज्य अब एक समृद्ध राज्य बन गया है। वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट से पता चलता है कि तेलंगाना ने ‘अपर-मिडिल-इनकम’ (ऊपरी-मध्यम आय) श्रेणी का स्तर हासिल कर लिया है। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि तेलंगाना देश के उन पांच शीर्ष राज्यों में शामिल है, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।"
बीआरएस नेता ने लिखा, "पिछले 10 सालों में बड़ा बदलाव आया है। जो क्षेत्र कभी गरीबी से जूझ रहा था, वह अब एक समृद्ध राज्य बन गया है। तेलंगाना के लोग गरीब नहीं हैं। वे ‘मां तेलंगाना’ की संतान हैं और आज खुशहाली व संपन्नता के साथ जीवन जी रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "तेलंगाना एक असफल राज्य नहीं बना, बल्कि यह एक सफल और समृद्ध राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन सभी नागरिकों को दिल से बधाई, जिन्होंने अपनी मेहनत, कौशल और बुद्धिमत्ता से तेलंगाना को मुश्किल हालात से निकालकर सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दिया।"
केटीआर ने दावा किया कि तेलंगाना के गठन के बाद राज्य की संपत्ति में बढ़ोतरी हुई है और लोगों की आय में भी काफी सुधार आया है।
उन्होंने कहा, "सिर्फ राष्ट्रीय रिपोर्ट ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संगठन भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि केसीआर के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य की अर्थव्यवस्था ने तेजी से प्रगति की है।"
उन्होंने आगे कहा कि वर्ल्ड बैंक की ताजा रिपोर्ट उन लोगों के आरोपों का जवाब है, जो राज्य के आर्थिक रूप से दिवालिया होने का दावा कर रहे थे।
--आईएएनएस
एसएचके/एएस

