Samachar Nama
×

मणिपुर में जहरीली शराब त्रासदी: मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई, करीब 600 लोग बीमार

मणिपुर में जहरीली शराब त्रासदी: मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई, करीब 600 लोग बीमार
मणिपुर में जहरीली शराब त्रासदी: मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई, करीब 600 लोग बीमार

इंफाल, 21 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध जहरीली शराब त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को 16 हो गई है। शनिवार को इस हादसे से तीन और लोगों की मौत हो गई। वहीं, 18 नवंबर से अब तक लगभग 600 लोग बीमार पड़ गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

प्रभावित लोग मुख्य रूप से पहाड़ी चंदेल जिले के नुंगपान गांव, चकपिकरोंग गांव और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं।

उन्हें इंफाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें सरकारी जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जेएनआईएमएस) और रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) के साथ-साथ कई निजी अस्पताल भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 18 नवंबर की रात नंगपान गांव में रहने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति ह्रांगबुंग बेरुवंग अनल की अपने घर पर सबसे पहले मौत हुई। इसके बाद, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को चंदेल जिले के अलग-अलग गांवों में 15 और लोगों की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि इन लोगों की मौत या तो अस्पताल ले जाते समय हुई, या फिर स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में हुई।

काकचिंग की पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शिनी लैशराम के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत स्वतः संज्ञान लेते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

राज्य पुलिस और आबकारी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्हें जांच अभियान चलाने, अवैध शराब जब्त करने, शराब की अवैध दुकानों को बंद करने, और बिक्री केंद्रों तथा उत्पादन इकाइयों से नमूने (सैंपल) इकट्ठा करने के निर्देश दिए गए हैं।

48 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और स्थानीय स्तर पर बनी 2,419 लीटर शराब जब्त की गई है; इनमें से 33 मामले और 1,967 लीटर शराब अकेले 21 नवंबर को पकड़ी गई।

जिन जगहों से यह संदिग्ध शराब ली गई थी, वहां से नमूने लेकर उन्हें केमिकल जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने शनिवार को एक उच्च-स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में प्रधान सचिव (परिवहन/एआर), विशेष सचिव (गृह), उप महानिरीक्षक (खुफिया) और स्वास्थ्य सेवा निदेशक शामिल हैं।

अधिकारी के अनुसार, यह समिति घटनाओं के क्रम की जांच करेगी, संदिग्ध शराब के स्रोत, उत्पत्ति और उसमें मौजूद तत्वों का पता लगाएगी, क्लिनिकल, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्टों का अध्ययन करेगी, और साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा आबकारी अधिकारियों की तैयारियों और उनकी कार्रवाई की समीक्षा करेगी।

समिति प्रशासनिक, नियामक या प्रवर्तन स्तर पर हुई संभावित चूक की पहचान करेगी और जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उपाय सुझाएगी।

अधिकारी ने बताया कि समिति को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।

राज्य सरकार ने राज्य के बाहर और मणिपुर के विशेषज्ञों तथा स्वास्थ्य विभाग से परामर्श करने के बाद, पूरे राज्य के लिए एक सार्वजनिक स्वास्थ्य परामर्श (एडवाइजरी) जारी की है।

जिन लोगों ने पिछले 48 से 72 घंटों के दौरान किसी संदिग्ध बैच, दुकान या स्रोत से शराब पी है, उन्हें चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई है।

--आईएएनएस

एएसएच/एमएस

Share this story