मणिपुर के राज्यपाल ने युवाओं से वैश्विक अनुभव अपनाते हुए अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का आग्रह किया
इंफाल, 23 मई (आईएएनएस)। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने युवाओं से अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से जुड़े रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आधुनिक और वैश्विक माहौल में आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी जड़ों को कभी नहीं भूलना चाहिए।
राज्यपाल अजय कुमार भल्ला शनिवार को इंफाल स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर में आयोजित होने वाले 11वें स्पिक मैके इंटरनेशनल कन्वेंशन के लिए मणिपुर के दल को रवाना किया।
स्पिक मैके, यानी 'सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमंग यूथ, एक स्वैच्छिक और गैर-राजनीतिक सांस्कृतिक आंदोलन है। इसका उद्देश्य युवाओं और छात्रों को भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, योग, ध्यान, विरासत और भारतीय एवं वैश्विक सांस्कृतिक धरोहरों से जोड़ना है।
25 से 31 मई तक चलने वाले इस सप्ताहभर के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत समेत कई देशों के युवा हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक आदान-प्रदान, कला सीखने और अलग-अलग पृष्ठभूमि के युवाओं के बीच संवाद का बड़ा मंच बनेगा।
मणिपुर से इस सम्मेलन में कुल 18 सदस्य हिस्सा लेंगे। इनमें मणिपुर यूनिवर्सिटी ऑफ कल्चर के छात्र-शिक्षक और असम राइफल्स पब्लिक स्कूल, मणिपुखरी और केइथेलमनबी के विद्यार्थी शामिल हैं।
राज्यपाल ने छात्रों और शिक्षकों से बातचीत के दौरान उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सम्मेलन उन्हें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक कला परंपराओं को करीब से समझने का शानदार अवसर देगा।
उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे सम्मेलन के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यशालाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सत्रों से अधिक से अधिक सीखने की कोशिश करें। साथ ही दूसरे राज्यों और देशों से आए प्रतिभागियों से बातचीत कर नए अनुभव हासिल करें।
अजय कुमार भल्ला ने कहा कि ऐसे मंच युवाओं में सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान बढ़ाते हैं और समाज में एकता, रचनात्मकता और आपसी समझ को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में असम राइफल्स के कई वरिष्ठ अधिकारी, स्पिक मैके इंफाल चैप्टर के पदाधिकारी और स्कूलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी

