Samachar Nama
×

मणिपुर के मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने सुरक्षा बनाए रखने में बीएसएफ की भूमिका की सराहना की

मणिपुर के मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने सुरक्षा बनाए रखने में बीएसएफ की भूमिका की सराहना की
मणिपुर के मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने सुरक्षा बनाए रखने में बीएसएफ की भूमिका की सराहना की

इंफाल, 29 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्य में सुरक्षा बनाए रखने और राज्य की रक्षा करने में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की भूमिका की तारीफ की है। उन्होंने इस क्षेत्र में बल के योगदान की सराहना की।

रविवार को मुख्यमंत्री ने कोइरेंगई स्थित बीएसएफ, मणिपुर के सेक्टर मुख्यालय का दौरा किया। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों सहित लगभग 250 लोग परिसर में मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बल के अधिकारियों और जवानों से बातचीत की और मणिपुर में बीएसएफ की भूमिका की सराहना की।

खेमचंद सिंह का स्वागत बीएसएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कल्याण कांति मजूमदार और अन्य बीएसएफ अधिकारियों व जवानों ने किया। इस दौरान उन्हें बीएसएफ क्वार्टर गार्ड में औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया।

मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय विधायक शेख नूरुल हसन और खोंगबंताबम इबोमचा तथा युवा मामले और खेल (वाईएएस) विभाग के निदेशक एम. वेटो सिंह भी मौजूद थे।

इनके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज, विश्व चैंपियन और एशियाई खेलों की पदक विजेता लैशराम सरिता देवी, अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक एन. कुंजारानी देवी और वरिष्ठ पुलिस व सीआरपीएफ अधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।

मई 2023 में मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद, अशांत राज्य में सेना, असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और बीएसएफ की एक बड़ी टुकड़ी तैनात की गई थी।

इस बीच, मुख्यमंत्री और बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने हाल ही में राज्य में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। बैठक के दौरान, खेमचंद सिंह और बीएसएफ के महानिदेशक ने मणिपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की। सीएमओ के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने 1 दिसंबर को होने वाले बीएसएफ स्थापना दिवस समारोह से जुड़े विषयों पर भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने शांति, सुरक्षा और सीमा प्रबंधन बनाए रखने में बीएसएफ की समर्पित सेवा और अहम भूमिका की सराहना की।

बीएसएफ प्रमुख के साथ बीएसएफ की पूर्वी कमान के अतिरिक्त महानिदेशक सुमित शरण और मिजोरम तथा कछार फ्रंटियर मुख्यालय के बीएसएफ महानिरीक्षक रवि कांत भी मौजूद थे।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story