पश्चिम बंगाल के मालदा में कुल्हाड़ी से हमलाकर की भाभी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
कोलकाता, 6 सितंबर (आईएएनएस)। पुलिस ने रविवार को बताया कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में कुल्हाड़ी से भाभी की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना शनिवार देर रात मालदा के हरीशचंद्रपुर इलाके में हुई। महिला की पहचान हरीशचंद्रपुर के रामनगर बैसा इलाके की रहने वाली 27 वर्षीय अमृता ओरांव के तौर पर हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात अमृता घर पर खाना बना रही थी, तभी उसका देवर पंचू ओरांव अचानक वहां आया, कुल्हाड़ी से उस पर हमला किया और मौके से भाग गया। परिवार के सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय उसका पति नंदलाल ओरांव घर पर नहीं था और उनके दो बच्चे घर में कहीं और खेल रहे थे।
अमृता की चीखें सुनकर परिवार के अन्य सदस्य दौड़े। हंगामे के बाद पड़ोसी भी उनके घर पर जमा हो गए। खून से लथपथ अमृता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर चंचल सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (एसडीपीओ) सोमनाथ साहा, हरीशचंद्रपुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (आईसी) सुमित कुमार घोष और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पंचू ओरांव की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया गया और थाने ले जाया गया। बाद में उसे आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। सवाल यह उठ रहा है कि पंचू ओरांव ने अपनी भाभी की हत्या इस तरह क्यों की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है कि घटना के पीछे कोई पारिवारिक विवाद था या कोई और वजह। परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से शुरुआती पूछताछ के दौरान एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर (विवाह-बाहर संबंध) की बात सामने आई।
पुलिस को शुरू में शक है कि अमृता ओरांव का अपने देवर के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था, हालांकि वह कुछ समय से उससे दूरी बना रही थी और जांचकर्ताओं का अनुमान है कि पंचू ओरांव ने इस शक में उस पर हमला किया कि वह किसी और के साथ जुड़ गई थी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे कोई और मकसद तो नहीं था। पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने के बाद आगे की पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी की मांग करेगी।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

