Samachar Nama
×

मणिपुर : नोनी जिले में घात लगाकर किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत

इंफाल, 13 मई (आईएएनएस)। मणिपुर के नोनी जिले में बुधवार शाम घात लगाकर हमला किए जाने की घटना सामने आई। यह हमला कांगपोकपी जिले में हुए एक अन्य हमले के कुछ घंटों बाद हुआ।
मणिपुर : नोनी जिले में घात लगाकर किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत

इंफाल, 13 मई (आईएएनएस)। मणिपुर के नोनी जिले में बुधवार शाम घात लगाकर हमला किए जाने की घटना सामने आई। यह हमला कांगपोकपी जिले में हुए एक अन्य हमले के कुछ घंटों बाद हुआ।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चिरू नागा समुदाय से संबंध रखने वाला एक दंपति इम्फाल से कार में अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान खौपुम थाना क्षेत्र के जौजंगटेक इलाके के पास अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलीबारी कर दी।

हमले में डोलांग चिरू गांव निवासी विल्सन थांगा की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूत्रों के अनुसार, यह दंपति पहले नोनी जिले के खौपुम थाना क्षेत्र के नुंगसाई खुंथाक इलाके में शरण लिए हुए था।

यह ताजा घटना बुधवार को कांगपोकपी जिले में हुए एक अन्य हमले के कुछ घंटों बाद सामने आई, जिससे मणिपुर के पहाड़ी जिलों की सुरक्षा स्थिति को लेकर फिर चिंता बढ़ गई है।

हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। हालांकि, अब तक हमलावरों की पहचान या घटना की परिस्थितियों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है।

इंफाल के एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, बुधवार सुबह कांगपोकपी जिले के पहाड़ी इलाके में टाइगर रोड पर अज्ञात हथियारबंद लोगों ने दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

मृतक सभी कुकी समुदाय से थे और वाहनों में यात्रा कर रहे थे, तभी हथियारबंद हमलावरों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।

कुकी स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन ने बताया कि सभी मृतक कुकी समुदाय के बैपटिस्ट चर्च से जुड़े नेता थे। कुकी समुदाय के प्रमुख संगठनों में से एक कुकी इनपी मणिपुर ने कांगपोकपी जिले में तीन बैपटिस्ट चर्च नेताओं की हत्या के विरोध में राज्य के सभी कुकी-जो बहुल इलाकों में तीन दिन के पूर्ण बंद का आह्वान किया है।

कुकी इनपी मणिपुर के सूचना एवं प्रचार सचिव जांगहाओलुन हाओकिप ने इस हत्या की कड़ी निंदा की। संगठन ने इस हमले को बर्बर बताया, जिसमें पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags