समीर हत्याकांड: दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के चलते अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर हुई हत्या के मामले में वांछित अमन गुर्जर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के उस्मानपुर खादर इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद आरोपी अमन गुर्जर को गिरफ्तार किया। यह ऑपरेशन दिल्ली पुलिस के उत्तर-पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ की ओर से चलाया गया था। जब आरोपी ने पुलिस अधिकारियों पर गोली चलाई, तो पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
इस मामले का एक अन्य आरोपी नसीम दुर्रानी पिछले हफ्ते बुलंदशहर में एक मुठभेड़ में मारा गया था। दुर्रानी पर 50,000 रुपये का इनाम था। वह उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ में मारा गया।
ज्ञात हो कि 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में समीर की हत्या कर दी गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, हत्या के बाद सोनिया विहार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई गईं।
पुलिस टीमें आरोपी नसीम दुर्रानी की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं और बाद में उन्हें खुफिया जानकारी मिली कि वह बुलंदशहर में मौजूद है। इस खुफिया जानकारी के आधार पर यूपी एसटीएफ, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ हो गई, जिसमें नसीम दुर्रानी मारा गया।
यूपी एसटीएफ के अनुसार, आरोपी एक आदतन और खतरनाक अपराधी था, जो अपने साथियों और गिरोह के सदस्यों के साथ उत्तर-पूर्वी दिल्ली इलाके में सक्रिय था। एसटीएफ ने बताया कि वह कथित तौर पर हत्या, हथियारों के बल पर लूट, अवैध रूप से हथियार रखने, चोरी और पुलिसकर्मियों पर हमले जैसे कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल था।
--आईएएनएस
डीसीएच/

