Samachar Nama
×

ममता बनर्जी ने अपने कोलकाता आवास के बाहर भाजपा पर 'गुंडागर्दी' का आरोप लगाया

ममता बनर्जी ने अपने कोलकाता आवास के बाहर भाजपा पर 'गुंडागर्दी' का आरोप लगाया
ममता बनर्जी ने अपने कोलकाता आवास के बाहर भाजपा पर 'गुंडागर्दी' का आरोप लगाया

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस की नेता और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े 'गुंडे' उनके कोलकाता आवास के बाहर 'गुंडागर्दी' कर रहे हैं। उन्होंने राज्य में हो रहे 'अत्याचारों' पर पुलिस की निष्क्रियता का भी आरोप लगाया।

यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि पुलिस अधिकारी मेरे दल के नेताओं के दरवाजे खटखटा रहे हैं और उन्हें चेतावनी दे रहे हैं कि वे प्रतिद्वंद्वी गुट में शामिल हो जाएं या जेल जाएं... बंगाल में भयानक अत्याचार हो रहे हैं। मुझे अदालती आदेश के बिना घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि 70 से अधिक लोगों की हत्याएं हुई हैं और 45 से अधिक दुष्कर्म हुए हैं।

अपने तृणमूल गुट के नेताओं के वाहनों पर हमलों का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या आपने कभी सुना है कि सत्ताधारी दल के नेताओं पर हमला हुआ हो?

उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल के स्थानीय पुलिस स्टेशन भाजपा के ब्लॉक कार्यालय बन गए हैं और जिला अधिकारियों के मुख्यालय उनके 'जिला कार्यालय' में परिवर्तित हो गए हैं। पुलिस मुख्यालय उनके राज्य समिति कार्यालय बन गए हैं।

इसके अलावा, बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने उनके आवास से सुरक्षा हटा ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के निर्देशों पर 200-300 गुंडे मेरे घर के सामने गुंडागर्दी कर रहे हैं...महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि लोग अब अपनी दुकानें नहीं खोल पा रहे हैं। कोलकाता पहले कितना जीवंत रहता था। अब रात 8 बजे के बाद सड़कों पर कोई नहीं दिखता...ठेले वाले बेघर हो गए हैं, उनकी रोजी-रोटी छिन गई है। दरअसल, भाजपा से जुड़े लोग मंदिरों के दानपेटियों को भी लूट रहे हैं और उन्हें अपनी संपत्ति बता रहे हैं।

इसके अलावा, बनर्जी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दौरान सुरक्षाकर्मी घर-घर गए और लोगों को तृणमूल कांग्रेस को वोट न देने की धमकी दी, इसमें सीआरपीएफ जवान भी शामिल थे। कश्मीर में इस्तेमाल होने वाले युद्धक वाहनों का इस्तेमाल भाजपा नेताओं ने चुनाव प्रचार के लिए किया है।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story