Samachar Nama
×

'वाराणसी' के पोस्ट प्रोडक्शन पर एस.एस. कार्तिकेय ने दिया बड़ा अपडेट, 'जनवरी तक पूरा हो जाएगा काम'

'वाराणसी' के पोस्ट प्रोडक्शन पर एस.एस. कार्तिकेय ने दिया बड़ा अपडेट, 'जनवरी तक पूरा हो जाएगा काम'
'वाराणसी' के पोस्ट प्रोडक्शन पर एस.एस. कार्तिकेय ने दिया बड़ा अपडेट, 'जनवरी तक पूरा हो जाएगा काम'

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। एस.एस. राजामौली की मच अवेटेड फिल्म 'वाराणसी' को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी एक्साइटमेंट है। फिल्म में महेश बाबू लीड रोल में हैं। उनके साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

फिल्म के प्रोड्यूसर एस.एस. कार्तिकेय ने आईएएनएस से बातचीत में बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है और टीम इसे अगले साल जनवरी तक पूरा करने की कोशिश कर रही है।

कार्तिकेय ने यह जानकारी अपने अगले प्रोजेक्ट 'डोंट ट्रबल द ट्रबल' के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान दी। इस फिल्म में फहाद फासिल लीड रोल में हैं।

आईएएनएस से बात करते हुए एस.एस. कार्तिकेय ने कहा, ''फिल्म को पूरा करने के लिए हमारे पास अभी सिर्फ चार से पांच दिन की शूटिंग बाकी है। 'वाराणसी' का पोस्ट प्रोडक्शन भी साथ-साथ चल रहा है। काम काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है और हमें उम्मीद है कि अगले साल जनवरी तक सब कुछ पूरा हो जाएगा।'

'वाराणसी' को लेकर दर्शकों के बीच इसलिए भी काफी उत्सुकता है क्योंकि फिल्म का निर्देशन एस.एस. राजामौली कर रहे हैं और इसमें महेश बाबू पहली बार उनके साथ काम कर रहे हैं।

फिल्म में महेश बाबू को रुद्र के किरदार में देखा जाएगा, जबकि प्रियंका चोपड़ा मंदाकिनी और पृथ्वीराज सुकुमारन कुंभा की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का म्यूजिक एम.एम. कीरवाणी ने तैयार किया है।

फिल्म के टाइटल टीजर लॉन्च के बाद एस.एस. राजामौली ने महेश बाबू के किरदार रुद्र के बारे में बात करते हुए कहा था कि रुद्र का जन्म अपने से कहीं बड़े मकसद को पूरा करने के लिए हुआ है। वह ऐसी किस्मत लेकर चलता है, जिसे उसने खुद नहीं चुना। रुद्र मजाकिया होने के साथ-साथ बेहद आक्रामक भी है। महेश बाबू अपने इस किरदार के इन सभी पहलुओं को साथ लेकर चले हैं।

यह फिल्म दुनिया भर में अगले साल 7 अप्रैल को रिलीज होगी। फिल्म को श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story