मद्रास हाईकोर्ट ने सीएम विजय की पेराम्बुर जीत को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करने से किया इनकार
चेन्नई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। मद्रास हाईकोर्ट ने शुक्रवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ चल रहे चुनावी मामले को खत्म करने की मांग की थी। अब उन्हें पेराम्बुर विधानसभा क्षेत्र से अपनी जीत को चुनौती देने वाली एक चुनावी याचिका के मामले में मुकदमे का सामना करना पड़ेगा।
जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन की बेंच ने फैसला सुनाया कि मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में आय और जमीन के मालिकाना हक की जानकारी न देने के आरोपों की सुनवाई (ट्रायल) के जरिए जांच होनी चाहिए और इन्हें शुरुआती चरण में ही खारिज नहीं किया जा सकता।
एस. दिनेश द्वारा दायर चुनावी याचिका में आरोप लगाया गया है कि सीएम विजय ने अपने नामांकन पत्रों के साथ जमा किए गए हलफनामे में अपनी वित्तीय संपत्ति और अचल संपत्तियों के बारे में पूरी और सही जानकारी नहीं दी।
याचिका का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री की कानूनी टीम ने कहा कि संपत्ति की घोषणा में कथित कमियों का मतलब यह नहीं है कि चुनाव को तुरंत रद्द कर दिया जाए। उन्होंने तर्क दिया कि याचिकाकर्ता ने ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं दिया है जिससे यह साबित हो सके कि इन जानकारियों को छिपाने से चुनावी नतीजों पर कोई असर पड़ा है।
बचाव पक्ष ने याचिका की स्वीकार्यता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तर्क दिया कि दिनेश ने यह साबित नहीं किया है कि वह उस निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं, जैसा कि 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम' की धारा 81 के तहत जरूरी है।
सुनवाई के दौरान अदालत ने सवाल किया कि क्या 30 करोड़ रुपए की संपत्ति की जानकारी न देना 'भ्रष्ट आचरण' माना जाएगा, खासकर तब जब सीएम विजय ने पहले ही लगभग 600 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की हुई है।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील अशोक ने तर्क दिया कि चुनावी कानून के तहत संपत्ति छिपाना 'अनुचित प्रभाव' डालने के बराबर हो सकता है। उन्होंने कहा कि क्या यह जानकारी जानबूझकर छिपाई गई थी, इसका पता केवल ट्रायल के दौरान ही चल सकता है।
याचिकाकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विजय ने अपनी घोषित संपत्तियों में सरकारी 'पोरामबोके' जमीन को भी शामिल किया है। हालांकि अदालत ने गौर किया कि विजय ने इस संपत्ति से जुड़ा एक सेल डीड (बिक्री विलेख) पेश किया है लेकिन याचिकाकर्ता के वकील ने तर्क दिया कि इस दस्तावेज की प्रमाणिकता और दी गई जानकारी की सटीकता की जांच होनी चाहिए।
याचिकाकर्ता ने आगे कहा कि चुनाव अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्रों की जांच एक संक्षिप्त प्रक्रिया होती है और बाद में चुनावी याचिका के जरिए इन कमियों को चुनौती दी जा सकती है।
वहीं, विजय के वकीलों ने तर्क दिया कि कुछ संपत्तियों की जानकारी न देने की तुलना आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इन कथित कमियों का मतदाताओं के फैसलों पर कोई ठोस असर नहीं पड़ा है।
उच्च न्यायालय ने विजय की अर्जी को खारिज कर दिया और चुनावी याचिका पर आगे की कार्यवाही की अनुमति दे दी। अब इन आरोपों की सच्चाई का पता ट्रायल के दौरान चलेगा। इस फैसले से विजय का चुनाव रद्द नहीं हुआ है।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम

