Samachar Nama
×

बेंगलुरु: प्रपोज के बहाने युवक की हत्या, प्रेमिका ने हाथ-पैर बांधकर जिंदा जलाया

बेंगलुरु, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ‘वेस्टर्न स्टाइल प्रपोजल’ के बहाने एक युवती ने अपने प्रेमी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
बेंगलुरु: प्रपोज के बहाने युवक की हत्या, प्रेमिका ने हाथ-पैर बांधकर जिंदा जलाया

बेंगलुरु, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ‘वेस्टर्न स्टाइल प्रपोजल’ के बहाने एक युवती ने अपने प्रेमी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना बिदादी थाना क्षेत्र में मंगलवार को सामने आई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय किरण के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवती का नाम प्रेमा बताया गया है। दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे और पिछले कुछ समय से रिश्ते में थे।

पुलिस के अनुसार, युवती ने कथित तौर पर किरण को अपने घर बुलाया और ‘विदेशी अंदाज’ में प्रपोज करने की बात कही। भरोसा दिलाकर उसने पहले उसकी आंखों पर पट्टी बांधी और फिर हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। जब किरण ने इसका कारण पूछा तो उसने कहा कि यह “वेस्टर्न स्टाइल” है और शांत रहने को कहा।

इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह जिंदा जल गया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि युवती ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया।

शुरुआत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि वह बाथरूम में थी और बाहर आकर देखा कि किरण ने खुद को आग लगा ली है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किरण अपने साथ कोई पेट्रोल नहीं लाया था, जिससे पुलिस को शक हुआ कि पेट्रोल पहले से ही घर में रखा गया था।

पुलिस ने यह भी पाया कि घटना में आरोपी को कोई चोट नहीं आई, जिससे उस पर शक और गहरा गया। पड़ोसियों ने युवक की चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के तुरंत बाद बिदादी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब हत्या के पीछे के मकसद और वीडियो रिकॉर्ड करने के कारणों की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक किसी अन्य लड़की से शादी की तैयारी कर रहा था और आरोपी के कॉल व मैसेज से बच रहा था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक बयान का इंतजार है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags