Samachar Nama
×

पंजाब में भी खिलेगा कमल, विकास चाहती है जनता: हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी

सिरसा, 19 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब में भी कमल खिलेगा।
पंजाब में भी खिलेगा कमल, विकास चाहती है जनता: हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी

सिरसा, 19 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब में भी कमल खिलेगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में 'डबल इंजन' सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा पंजाब में भी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की वर्तमान सरकार ने बड़े-बड़े वादे करके वोट हासिल किए, लेकिन अब राज्य की जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया है। पंजाब की जनता विकास चाहती है।

मुख्यमंत्री सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ पूरे राज्य के लोगों को मिल रहा है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब-जब धर्म और सत्य पर संकट आया है, तब-तब महान व्यक्तित्वों ने राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए न केवल स्वयं बल्कि अपनी पीढ़ियों तक का बलिदान दिया है।

उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस को पंचकूला में भी मनाया गया, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन और बलिदान से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव ने अपना पूरा परिवार राष्ट्र और धर्म की सेवा में समर्पित कर दिया था।

नीट की पुनर्परीक्षा से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उनके लिए नि:शुल्क बस सेवा की व्यवस्था भी की गई है।

एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल केवल राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सरकार हरियाणा के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जब भी सरकार विधानसभा सत्र बुलाती है, विपक्षी सदस्य उससे दूर रहने की कोशिश करते हैं, जबकि उन्हें सदन की कार्यवाही में भाग लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार लगातार धनराशि उपलब्ध करा रही है। ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को बजट जारी किया जा चुका है तथा पूरे राज्य में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags