एलए सिटी काउंसिल ने मनाई दीपावली, भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए अपनाया विशेष प्रस्ताव
लॉस एंजिल्स, 15 नवंबर (आईएएनएस)। लॉस एंजिल्स (एलए) सिटी काउंसिल ने हाल ही में भव्य तरीके से दीपावली का पर्व मनाया। रविवार को भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इसकी जानकारी दी। इस दौरान सिटी हॉल रोशनी से जगमगा गया।
13 नवंबर को लॉस एंजिल्स की नवनिर्वाचित मेयर और सिटी काउंसिल सदस्य नित्या रमन ने इसका आयोजन किया। विशेष समारोह में भारत के महावाणिज्य दूत (कॉन्सुल जनरल) के.जे. श्रीनिवासा, लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल के सदस्य, कई प्रतिष्ठित अतिथि और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हुए।
भारतीय मिशन के अनुसार, नवनिर्वाचित मेयर रमन ने सिटी हॉल में महावाणिज्य दूत का गर्मजोशी से स्वागत किया और भारत तथा लॉस एंजिल्स के बीच संबंधों को और मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। इस समारोह में शहर की समृद्ध बहुसांस्कृतिक पहचान को उजागर किया गया और शहर के नागरिक, आर्थिक और सांस्कृतिक जीवन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के बढ़ते योगदान को सराहा गया।
इस कार्यक्रम में कई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें कर्नाटक संगीत, तबला वादन, भारतीय शास्त्रीय नृत्य और भांगड़ा शामिल थे। इन प्रस्तुतियों में भारत की कलात्मक परंपराओं की विविधता और समृद्धि की झलक दिखी। जॉन ली सहित सिटी काउंसिल के कई सदस्यों ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के विभिन्न संगठनों के सैकड़ों प्रतिनिधियों के साथ इस समारोह में हिस्सा लिया।
इस त्योहार और इसके सांस्कृतिक महत्व को मान्यता देते हुए, लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल ने सर्वसम्मति से दिवाली के सम्मान में एक विशेष प्रस्ताव पारित किया। इस प्रस्ताव में दिवाली मनाने वाले लॉस एंजिल्स के सभी निवासियों को शुभकामनाएं दी गईं और शहर के विकास में दक्षिण एशियाई समुदायों के विविध और अमूल्य योगदान को स्वीकार किया गया।
भारत के महावाणिज्य दूतावास ने एक बयान में कहा, "इस प्रस्ताव में दिवाली के उस सार्वभौमिक संदेश को मान्यता दी गई है, जो अंधकार पर प्रकाश की और अज्ञानता पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। साथ ही, इसमें दया, उदारता, करुणा, एकता, कृतज्ञता और सद्भावना जैसे मूल्यों को भी सराहा गया है। इसमें इस बात को भी रेखांकित किया गया कि दिवाली धार्मिक सीमाओं से परे एक ऐसा त्योहार है, जो समुदायों को शांति, समृद्धि और खुशी की भावना के साथ एक-दूसरे के करीब लाता है।"
लॉस एंजिल्स शहर की ओर से, रमन ने के.जे. श्रीनिवासा को उनके नेतृत्व और लॉस एंजिल्स में भारत के पहले महावाणिज्य दूत के रूप में उनके योगदान के लिए एक 'प्रशस्ति पत्र' (सर्टिफिकेट ऑफ रिकग्निशन) प्रदान किया।
भारतीय मिशन ने बताया कि इस प्रमाण पत्र में दक्षिणी कैलिफोर्निया, एरिजोना, न्यू मैक्सिको और नेवादा के विभिन्न समुदायों के साथ उनके व्यापक जुड़ाव, तथा व्यापार, प्रौद्योगिकी और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में लॉस एंजिल्स और भारत के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने के उनके प्रयासों को मान्यता दी गई है। इसमें उनके उन योगदानों को भी रेखांकित किया गया, जो ऐसे महत्वपूर्ण समय में आए हैं जब लॉस एंजिल्स 2028 के ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों के लिए दुनिया भर से आने वाले आगंतुकों और प्रतिभागियों के स्वागत की तैयारी कर रहा है।
प्रशस्ति-पत्र में कहा गया कि श्रीनिवास का "नेतृत्व लोगों को एक साथ लाने, परंपराओं को व्यापक दर्शकों तक पहुँचाने और नई शुरुआत की ओर देखने की भावना को दर्शाता है"।
अपने संबोधन में, श्रीनिवास ने नवनिर्वाचित मेयर रमन को उनकी चुनावी जीत पर बधाई दी और उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। 2025 में दिवाली समारोह के दौरान सिटी हॉल में अपने पहले स्वागत को याद करते हुए (जो उनके पदभार संभालने के कुछ समय बाद हुआ था) महावाणिज्य दूत (कॉन्सुल जनरल) ने रमन और सिटी काउंसिल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रति उनके आचरण, प्रोत्साहन और समर्थन के लिए आभार जताया।
भारतीय मिशन ने कहा, "महावाणिज्य दूत ने लॉस एंजिल्स के नए प्रशासन के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसका उद्देश्य व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शिक्षा, रचनात्मक उद्योगों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग को गहरा करना है। इसमें एलए28 (2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक) से पहले सहयोग के नए अवसरों की तलाश करना भी शामिल है।"
श्रीनिवास ने दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच एक सेतु के रूप में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे यह समुदाय आर्थिक साझेदारी, सांस्कृतिक समझ और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करता है।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने कहा, "इस समारोह ने भारत और लॉस एंजिल्स के बीच बढ़ते संबंधों को रेखांकित किया। साथ ही, इसने दिखाया है कि कैसे 'सांस्कृतिक कूटनीति' राष्ट्रों और समुदायों के बीच स्थायी संबंध बना सकती है। दिवाली के आशा, सद्भाव और एकजुटता के शाश्वत संदेश को दर्शाते हुए, इस अवसर ने मित्रता, सहयोग और समृद्धि से भरे भविष्य के निर्माण की साझा प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि की।"
--आईएएनएस
केआर/

