Samachar Nama
×

चुनावी जीत पर प्रधानमंत्री मोदी की बधाई से गदगद हुए इथियोपिया के पीएम, जताया 'बड़े भाई' का आभार

अदीस अबाबा, 24 जून (आईएएनएस)। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने बुधवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चुनावी जीत के लिए मिली बधाई के लिए आभार व्यक्त किया और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की इच्छा जताई।
चुनावी जीत पर प्रधानमंत्री मोदी की बधाई से गदगद हुए इथियोपिया के पीएम, जताया 'बड़े भाई' का आभार

अदीस अबाबा, 24 जून (आईएएनएस)। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने बुधवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चुनावी जीत के लिए मिली बधाई के लिए आभार व्यक्त किया और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की इच्छा जताई।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को “विश्वसनीय मित्र और बड़े भाई” बताते हुए कहा कि उनका ऐतिहासिक जनादेश दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की मजबूत लोकतांत्रिक परंपरा को दर्शाता है।

अबी अहमद अली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “धन्यवाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मेरे विश्वसनीय मित्र और बड़े भाई। आपका ऐतिहासिक जनादेश दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की लोकतांत्रिक शक्ति को दर्शाता है। इथियोपिया और भारत ऐतिहासिक संबंधों, साझेदारी और साझा आकांक्षाओं से जुड़े हैं। हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और इस यात्रा को जारी रखने के लिए उत्सुक हैं।”

यह प्रतिक्रिया प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उन्हें इथियोपिया के संसदीय चुनाव में जीत पर बधाई दिए जाने के बाद आई।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को अबी अहमद अली और उनकी प्रॉस्पेरिटी पार्टी को निर्णायक जीत पर बधाई दी थी और कहा था कि भारत इथियोपिया के साथ अपने ऐतिहासिक, बहुआयामी और गहरे संबंधों को अत्यंत महत्व देता है।

इथियोपिया के राष्ट्रीय चुनाव बोर्ड (एनईबीई) ने रविवार को घोषणा की थी कि सत्तारूढ़ प्रॉस्पेरिटी पार्टी ने देश के सातवें आम चुनाव में जीत हासिल की है और 486 में से 438 सीटें जीती हैं।

इथियोपिया के संविधान के अनुसार, बहुमत हासिल करने वाली पार्टी या गठबंधन सरकार बनाता है और प्रधानमंत्री का नामांकन करता है।

पिछले वर्ष दिसंबर में प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया का दो दिवसीय दौरा किया था, जहां दोनों नेताओं ने राजनीतिक सहयोग, आर्थिक साझेदारी और रणनीतिक संबंधों पर विस्तृत चर्चा की थी। इस दौरान उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” और इथियोपिया की “ग्रीन लिगेसी” पहल के तहत पौधारोपण भी किया था।

प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से भी सम्मानित किया गया था।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags