विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। मानसून सत्र के 9वें दिन भी लोकसभा में प्रश्नकाल हंगामे की भेंट चढ़ गया। स्पीकर ओम बिरला ने गुरुवार को विपक्ष के हंगामे की वजह से महज दो मिनट के अंदर लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
गुरुवार सुबह 11 बजे संसद सत्र की शुरुआत होने पर लोकसभा में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के पदक विजेताओं को बधाई दी गई। इसके बाद, स्पीकर ने प्रश्नकाल की कार्यवाही का संचालन किया। हालांकि, विपक्ष ने 'लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक 2026' पर बहस के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण के मुद्दे पर नारेबाजी शुरू कर दी।
विपक्ष के हंगामे पर स्पीकर ने कहा, "मैंने कई बार आग्रह किया है कि प्रश्नकाल संसद सदस्यों का अधिकार है। प्रश्नकाल के अंदर सरकार की जवाबदेही भी तय होती है। मैंने सदन के माध्यम और फ्लोर लीडरों की बैठक में भी सभी से आग्रह किया कि सदन में प्रश्नकाल को बाधित न करें। प्रश्नकाल महत्वपूर्ण समय होता है।"
इसके बावजूद विपक्ष के सदस्यों का हंगामा जारी रहा। स्पीकर ने पूछा कि आप प्रश्नकाल नहीं चलाना चाहते हैं? इसके बाद जब विपक्ष के सदस्य शांत नहीं हुए, तो स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
इससे पहले, एंटी पेपर लीक विधेयक बुधवार को लोकसभा में ध्वनि मत से पारित हो गया। दो दिनों तक चली बहस के बाद इसे पारित किया गया, जिससे पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों से निपटने के लिए कड़े कानूनी उपायों का रास्ता साफ हो गया। यह विधेयक ऐसे समय में पारित हुआ है, जब नीट पेपर लीकल मामले को लेकर देशभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। बाद में धर्मेंद्र प्रधान को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा।
--आईएएनएस
डीसीएच/

