Samachar Nama
×

महिला आरक्षण बिल के साथ परिसीमन जोड़ना पश्चिम बंगाल को बांटने की साजिश: सीएम ममता बनर्जी

कोलकाता, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण संशोधन बिल से जुड़े परिसीमन के प्रावधान राज्य को फिर से बांटने की साजिश हैं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूचबिहार जिले के माथाभांगा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ''महिला आरक्षण संशोधन बिल के साथ परिसीमन के प्रावधान क्यों लाए गए? यह पश्चिम बंगाल को फिर से बांटने की एक और साजिश है। यह भविष्य में मतदाता सूची से नाम हटाने और राज्य में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर लागू करने की भी योजना है।''

बनर्जी ने बिना नाम लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनके बयान में अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने की बात कही गई थी।

उन्होंने कहा, ''किसी ने यह स्वीकार किया था कि पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए किया गया था। चुनाव के बाद जो लोग अब राज्य से लोगों को बाहर भेजने की बात कर रहे हैं, उन्हें खुद डिटेंशन कैंप में भेजा जाएगा।''

बनर्जी ने चुनाव से पहले कूचबिहार जिले में बार-बार हो रही हिंसा की खबरों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ''हर चुनाव से पहले ऐसा होता है कि पश्चिम बंगाल में हिंसा बढ़ जाती है। अभी मेरे पास कानून-व्यवस्था पर पूरा नियंत्रण नहीं है, लेकिन चुनाव के बाद मैं फिर से यह अधिकार हासिल कर लूंगी।''

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के पास न तो जनसमर्थन है और न ही मजबूत संगठन, इसलिए वे केंद्रीय एजेंसियों का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा, ''भाजपा के पास इतने लोग नहीं हैं कि हर मतदान केंद्र पर तैनात कर सके, इसलिए वे एजेंसियों के लोगों को वहां लगाने की कोशिश कर रही है। वह बहुत सारा पैसा लेकर आई है।''

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags