दक्षिण बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान, कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना
कोलकाता, 6 सितंबर (आईएएनएस)। मौसम विभाग ने बुधवार तक दक्षिण बंगाल के जिलों में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। जबकि कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है और उत्तर बंगाल में और अधिक बारिश हो सकती है।
कोलकाता स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने कहा कि मॉनसून ट्रफ अभी भी सक्रिय है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि यह राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, और उत्तर प्रदेश से होते हुए पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से में प्रवेश कर चुका है और बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। बांग्लादेश और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) है। इस वजह से, पश्चिम बंगाल में उत्तर से दक्षिण तक कुछ और दिनों तक गरज के साथ बारिश जारी रह सकती है।
हालांकि, फिलहाल कोलकाता में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन बुधवार तक छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। एक या दो जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है।
हावड़ा, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, नदिया और मुर्शिदाबाद जिलों के लिए भी यही पूर्वानुमान जारी किया गया है। मंगलवार से हुगली, उत्तर 24 परगना, बीरभूम, पूर्वी बर्दवान और पश्चिमी बर्दवान जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बुधवार को पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, पुरुलिया और बांकुरा जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। रविवार से बुधवार तक दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस बीच, रविवार और सोमवार को उत्तर बंगाल के कई ज़िलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। कूचबिहार को छोड़कर, उत्तर के इन चार जिलों में शुक्रवार और शनिवार को फिर से भारी बारिश होगी। इसके अलावा, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।
रविवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था, जबकि अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा था।
--आईएएनएस
एमएस/

