Samachar Nama
×

तेलंगाना के मुद्दे छोड़ दिल्ली में प्रदर्शन कर रही रेवंत रेड्डी कैबिनेट : भाजपा

तेलंगाना के मुद्दे छोड़ दिल्ली में प्रदर्शन कर रही रेवंत रेड्डी कैबिनेट : भाजपा
तेलंगाना के मुद्दे छोड़ दिल्ली में प्रदर्शन कर रही रेवंत रेड्डी कैबिनेट : भाजपा

हैदराबाद, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा के महासचिव वीरेंद्र गौड़ ने मंगलवार को रेवंत रेड्डी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार तेलंगाना के मुद्दों को नजरअंदाज कर दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन में शामिल होने चली गई है।

दरअसल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कई कांग्रेस नेता, जिनमें उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और टीपीसीसी अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ भी शामिल हैं, सोमवार को दिल्ली गए थे। वे एसआईआर के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च किया और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर याचिका दायर की। विपक्ष ने एसआईआर के प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया है और मतदाता सूची को लेकर चिंता जताई है, जबकि भाजपा ने इस प्रक्रिया का बचाव किया है और कांग्रेस पर मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है।

वीरेंद्र गौड़ ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी के ज्यादातर विधायक और कुछ विधायक जिनकी पार्टी से जुड़ाव स्पष्ट नहीं है कि वे बीआरएस से हैं या कांग्रेस से, दिल्ली में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि तेलंगाना के लोग संघर्ष कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि राज्य में लोग गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जिसमें पीने के पानी की कमी, सिंचाई के लिए पानी की कमी और बिजली संकट शामिल है। छात्र भी फीस प्रतिपूर्ति की मांग को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं और कई अन्य शासन संबंधी मुद्दे भी हैं।

वीरेंद्र गौड़ ने कहा, "इन सभी मुद्दों को छोड़कर, मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट नई दिल्ली में बैठी है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने प्रशासन को छोड़ दिया है। ऐसा नहीं है कि जब वे हैदराबाद में थे तो उन्होंने ज्यादा परवाह की थी, लेकिन कम से कम वे दिखाई तो दे रहे थे। अब वे शारीरिक या मानसिक रूप से भी मौजूद नहीं हैं।"

बता दें कि इस समय तेलंगाना में छात्र शिक्षा नीतियों, कैंपस के बुनियादी ढांचे और बकाया फीस को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ अलग-अलग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story