अक्टूबर में लार्जकैप शेयरों ने छोटे-मझोले स्टॉक्स से बेहतर प्रदर्शन किया, आईटी सेक्टर रहा सबसे आगे
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के प्रमुख इंडेक्स में अक्टूबर में निफ्टी एकमात्र ऐसा सूचकांक रहा, जिसने सकारात्मक रिटर्न दिया। इसमें 1.91 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि व्यापक बाजार के अन्य सेगमेंट विशेषकर माइक्रोकैप और स्मॉलकैप गिरावट के साथ बंद हुए। यह जानकारी सोमवार को जारी रिपोर्ट में दी गई।
मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर के दौरान निफ्टी नेक्स्ट 50 में 2.92 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि निफ्टी मिडकैप 150 में 3.75 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी स्मॉलकैप 250 में 5.81 प्रतिशत और निफ्टी माइक्रोकैप 250 में 8.95 प्रतिशत की गिरावट आई। इस तरह माइक्रोकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मिडकैप की तुलना में ज्यादा गिरावट देखने को मिली।
31 अक्टूबर 2026 को समाप्त एक महीने की अवधि के दौरान व्यापक बाजार का प्रतिनिधित्व करने वाला निफ्टी 500 भी 0.80 प्रतिशत गिर गया।
सेक्टरों में आईटी सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र रहा। अक्टूबर के दौरान इसमें 17.69 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। हेल्थकेयर सेक्टर में भी 1.93 प्रतिशत और बैंकिंग सेक्टर में 0.10 प्रतिशत की तेजी रही।
इसके विपरीत, मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा 7.65 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद डिफेंस सेक्टर 6.17 प्रतिशत गिरा। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 5.74 प्रतिशत, एनर्जी में 4.58 प्रतिशत, रियल्टी में 3.95 प्रतिशत, ऑटो में 3.31 प्रतिशत और एफएमसीजी में 2.02 प्रतिशत की गिरावट आई।
वहीं, निफ्टी 500 में 0.80 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसमें इंडस्ट्रियल्स, कमोडिटीज और कंज्यूमर डिस्क्रिशनरी सेक्टर का सबसे ज्यादा नकारात्मक योगदान रहा। इन क्षेत्रों में क्रमशः 0.54 प्रतिशत, 0.54 प्रतिशत और 0.42 प्रतिशत की गिरावट आई।
अक्टूबर के दौरान सभी उभरते हुए बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। दक्षिण कोरिया में सबसे ज्यादा 15.57 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद ब्राजील में 12.11 प्रतिशत और ताइवान में 8.37 प्रतिशत की गिरावट आई।
भारत में खुदरा महंगाई दर (सीपीआई) बढ़कर 5.54 प्रतिशत हो गई, जो पहले 4.83 प्रतिशत थी। वहीं, रेपो रेट 5.25 प्रतिशत से बढ़कर 5.50 प्रतिशत हो गई। 10 साल की बॉन्ड यील्ड भी 7.16 प्रतिशत से बढ़कर 7.40 प्रतिशत पर पहुंच गई।
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) भारतीय बाजार में शुद्ध विक्रेता बने रहे। हालांकि, अक्टूबर में उनकी शुद्ध बिकवाली घटकर 24,475 करोड़ रुपए रही, जबकि इससे एक महीने पहले यह 58,443 करोड़ रुपए थी। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 28,943 करोड़ रुपए की शुद्ध निकासी दर्ज की।
--आईएएनएस
एबीएस

