कर्नाटक: एमजी रोड पर स्टंट करते पकड़ा गया लैंबॉर्गिनी मालिक, पुलिस ने दर्ज किया केस
बेंगलुरु, 21 मार्च (आईएएनएस)। बेंगलुरु के व्यस्त इलाके एमजी रोड पर तेज रफ्तार में खतरनाक स्टंट करने के आरोप में एक लैंबॉर्गिनी कार मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच अनिल कुंबले सर्किल पर हुई। लग्जरी कार को सड़क पर खतरनाक तरीके से ड्रिफ्ट करते हुए देखा गया, जिससे वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ गई।
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई और कई राहगीरों ने भी इसे देखा। सोशल मीडिया पर इसका 11 सेकंड का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें कार को तेज गति से स्टंट करते और फिर मौके से भागते हुए देखा जा सकता है।
कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था और क्या वाहन मालिक खुद ड्राइव कर रहा था या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में हुबली में सोशल मीडिया रील शूट करते समय एक 15 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, किशोर नामीश संगलाद अपने दोस्तों के साथ रील शूट कर रहा था। इस दौरान एक ऑडी क्यू7 और एक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन तेज रफ्तार में आमने-सामने आए और आखिरी समय में मुड़ने की कोशिश के दौरान हादसा हो गया।
यह घटना उंकल क्षेत्र के शेजवाडकर लेआउट में शाम करीब 4:30 से 4:45 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि ऑडी क्यू7 एक नाबालिग चला रहा था, जिसने लापरवाही से वाहन चलाते हुए इलेक्ट्रिक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
डीएससी

