केटीआर का आरोप, 'रेवंत रेड्डी सरकार आंध्र प्रदेश को नागार्जुन सागर से पानी की चोरी में मदद कर रही'
हैदराबाद, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव (केटीआर) ने बुधवार को तेलंगाना की रेवंत रेड्डी सरकार पर आंध्र प्रदेश को नागार्जुन सागर परियोजना से पानी की कथित चोरी में मदद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश एक बड़ी सुरंग का निर्माण कर नागार्जुन सागर से पानी निकालने की कोशिश कर रहा है, जिससे तेलंगाना के जल अधिकार प्रभावित होंगे।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केटीआर ने आरोप लगाया कि पेयजल परियोजना की आड़ में जलाशय के डेड स्टोरेज स्तर से 9 टीएमसी पानी दूसरी ओर मोड़ने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति भी नहीं ली गई है, लेकिन राज्य सरकार इस पूरे मामले पर उदासीन बनी हुई है।
केटीआर ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी पर तेलंगाना के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि विजयपुरी साउथ में 510 फीट की गहराई से पानी मोड़ने के लिए निर्माण कार्य चल रहा है, फिर भी राज्य सरकार को इसकी जानकारी कैसे नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि पेयजल योजना के नाम पर 1,650 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का निर्माण कर 9 टीएमसी पानी को दूसरी ओर ले जाने की कोशिश की जा रही है। केटीआर के मुताबिक, यह परियोजना केवल पेयजल आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए सिंचाई के लिए निर्धारित पानी को भी मोड़ने की योजना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन संरचनाओं का निर्माण जरूरी मंजूरियों के बिना किया जा रहा है और इससे तेलंगाना के जल अधिकारों को नुकसान पहुंच रहा है।
बीआरएस नेता ने अविभाजित आंध्र प्रदेश के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय श्रीशैलम जलाशय से पानी मोड़ने के लिए पोथिरेड्डीपाडु रेगुलेटर के साथ छेड़छाड़ की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब नागार्जुन सागर परियोजना में भी इसी तरह पानी की कथित चोरी की कोशिश की जा रही है।
केटीआर ने कहा कि तेलंगाना के साथ वर्तमान में जो अन्याय हो रहा है, वह पहले आंध्र प्रदेश के शासकों की ओर से किए गए कथित विश्वासघात से भी अधिक गंभीर है। उन्होंने सवाल उठाया कि नलगोंडा जिले से आने वाले सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी इस मामले पर चुप क्यों हैं, जबकि नागार्जुन सागर के डेड स्टोरेज स्तर से पानी निकालने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने रेवंत रेड्डी सरकार पर तेलंगाना के जल अधिकारों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के लिए रास्ता खोलने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत कमजोरियों को लेकर भी सवाल उठाए और पूछा कि क्या इसी वजह से राज्य के हितों से समझौता किया जा रहा है।
केटीआर ने आईएएस अधिकारी आदित्यनाथ दास को सिंचाई सलाहकार नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अविभाजित आंध्र प्रदेश के दौरान दास ने तेलंगाना के हितों के खिलाफ काम किया था। उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर कालेश्वरम और पलामुरु-रंगारेड्डी परियोजनाओं का विरोध भी किया था।
बीआरएस नेता ने मुख्यमंत्री से पूछा कि तेलंगाना की परियोजनाओं का विरोध करने वाले अधिकारी को राज्य का सिंचाई सलाहकार क्यों नियुक्त किया गया और यह फैसला किसके दबाव में लिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस नियुक्ति पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
--आईएएनएस
डीएससी

