क्रिस जेनर ने बेटी केंडल को जन्मदिन की बधाई , बोलीं- तुम हमेशा मेरी छोटी बच्ची रहोगी
लॉस एंजिल्स, 3 नवंबर (आईएएनएस)। रियलिटी स्टार क्रिस जेनर ने अपनी बेटी केंडल जेनर के लिए जन्मदिन की एक प्यारी सी शुभकामना लिखी, जो मंगलवार को एक वर्ष और बड़ी हो गईं।
पिछले कुछ वर्षों की मां-बेटी की कुछ दुर्लभ तस्वीरें साझा करते हुए क्रिस ने केंडल के उस व्यक्तित्व की तारीफ की, जो आज वह बन गई हैं। उन्होंने जन्मदिन मना रहीं केंडल की इस बात के लिए सराहना की कि वह जो भी काम करने का फैसला करती हैं, उसमें अपना 100 प्रतिशत देती है।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, "मेरी प्यारी बेटी केंडल जेनर को जन्मदिन मुबारक। तुमने जो कुछ भी हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है, लेकिन तुम एक बेहतरीन इंसान के रूप में जो बन गई हो और अपने लिए जैसी जिंदगी बना रही हो, उस पर मुझे और भी ज्यादा गर्व है। तुम दयालु, जुनूनी, धैर्यवान, मजाकिया, प्यार करने वाली, समझदार, रचनात्मक, सौम्य और वफादार हो। तुम जो भी काम करती हो और जिन लोगों से प्यार करती हो, उनके लिए अपना 100% देती हो। हम सब बहुत खुशकिस्मत हैं कि हमें तुम्हारा प्यार मिला है, मेरी प्यारी बच्ची।"
क्रिस ने केंडल को उनके जीवन के नए साल में ढेर सारा प्यार और खुशियां मिलने की शुभकामनाएं दीं। अपना प्यार जताते हुए उन्होंने आगे कहा, "मुझे उम्मीद है कि यह साल तुम्हारे लिए ढेर सारा प्यार, खुशियां और उन सभी चीजों के लिए समय लेकर आएगा, जिनसे तुम्हें सबसे ज्यादा खुशी मिलती है। मैं तुमसे इतना प्यार करती हूं कि उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। तुम चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाओ, हमेशा मेरी छोटी सी बच्ची ही रहोगी। जन्मदिन मुबारक, मेरी खूबसूरत केनी।"
3 नवंबर 1995 को जन्मीं केंडल ने महज 14 वर्ष की उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी। इतने वर्षों में वह इंडस्ट्री की टॉप फैशन मॉडल्स में से एक बन गई हैं। उन्होंने शनेल, डायर, वर्साचे, प्राडा, फेंडी और गिवेंची जैसे कई बड़े फैशन हाउस के लिए रैंप वॉक किया है।
केंडल अपनी बहनों के साथ रियलिटी टीवी शो 'कीपिंग अप विद द कार्दशियन्स' के जरिए मशहूर हुईं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी

