21 जुलाई की शहीद दिवस रैली पर बढ़ा विवाद, पुलिस ने ममता बनर्जी गुट के खिलाफ दर्ज की शिकायत
कोलकाता, 23 जुलाई (आईएएनएस)। कोलकाता में 21 जुलाई को आयोजित शहीद दिवस रैली को लेकर नया विवाद सामने आया है। कोलकाता पुलिस ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले टीएमसी गुट के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए शिकायत दर्ज की है। आरोप है कि रैली के आयोजन के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया गया, जिसे पुलिस ने अदालत की अवमानना माना है।
यह शिकायत दक्षिण डिवीजन के हेस्टिंग्स थाना में दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि बिरला प्लैनेटेरियम के सामने कैथेड्रल रोड पर आयोजित रैली में हाई कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों का पालन नहीं किया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में कलकत्ता हाई कोर्ट ने रैली की अनुमति देते समय दो अहम शर्तें रखी थीं। पहली, रैली में अधिकतम 2,500 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। दूसरी, कैथेड्रल रोड की केवल एक लेन में ही रैली आयोजित की जाएगी, जबकि दूसरी लेन आम वाहनों के आवागमन के लिए खुली रखी जाएगी।
हालांकि, हेस्टिंग्स थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, रैली में तय सीमा से कहीं अधिक लोग पहुंच गए। इससे कैथेड्रल रोड की दोनों लेन पर भीड़ फैल गई और पुलिस को दोनों लेन बंद करनी पड़ी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाई कोर्ट का आदेश बिल्कुल स्पष्ट था कि रैली केवल एक लेन तक सीमित रहेगी। लेकिन सभा शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक न सिर्फ सड़क के पूर्वी हिस्से में, बल्कि पश्चिमी हिस्से में भी जमा हो गए। इससे सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को वाहनों का रूट बदलना पड़ा। इससे शहर में सामान्य यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस का कहना है कि यह सीधे-सीधे हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है, इसलिए रैली के आयोजकों और संयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, हेस्टिंग्स थाना में एक और सुओ मोटू शिकायत दर्ज की गई है। यह मामला 20 जुलाई की रात कैथेड्रल रोड स्थित रैली मंच पर कथित तोड़फोड़ से जुड़ा है।
शिकायत के अनुसार, 20 जुलाई की रात करीब 15 युवक दोपहिया वाहनों पर सवार होकर रैली स्थल के पास पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी की, वहां हंगामा किया और लगे हुए बैनर फाड़ दिए।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब उनका पीछा किया तो सभी युवक वहां से भाग निकले। हालांकि, भागते समय वे दो मोटरसाइकिलें वहीं छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

