Samachar Nama
×

बंगाल सीएम और भाजपा नेताओं के अश्लील वीडियो प्रसारित करने के आरोप में एक गिरफ्तार

कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और भाजपा नेताओं को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
बंगाल सीएम और भाजपा नेताओं के अश्लील वीडियो प्रसारित करने के आरोप में एक गिरफ्तार

कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और भाजपा नेताओं को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का नाम राजेश चक्रवर्ती है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 27 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ वर्ष पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए इन वीडियो को राजेश चक्रवर्ती के निर्देश पर फैलाया गया था।

पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता प्रियंका टिबरेवाल ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 21 मई को साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।

आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, भाजपा नेता दिलीप घोष, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और राज्य की कई महिला भाजपा नेताओं के खिलाफ बेहद अश्लील, मानहानिकारक और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वीडियो सबसे पहले पार्थ नाग नामक व्यक्ति ने अपने फेसबुक प्रोफाइल से अपलोड किया था। बाद में उसने वीडियो डिलीट कर दिया।

पूछताछ में पार्थ नाग ने दावा किया कि उसने 2023 में राजेश के कहने पर वीडियो बनाया और अपलोड किया था। इसके बदले राजेश ने उसे कई बार 2,000 रुपये का भुगतान किया था।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान पहले नोटिस पर राजेश उपस्थित नहीं हुआ। दूसरे नोटिस के बाद वह पेश तो हुआ, लेकिन उसने जांच में सहयोग नहीं किया और संबंधित व्हाट्सऐप चैट भी डिलीट कर दी।

इसके अलावा वित्तीय लेनदेन को लेकर भी वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद न्यू टाउन निवासी राजेश चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मामले के पीछे कोई बड़ी साजिश थी या नहीं, साथ ही इस पूरे घटनाक्रम में कितना पैसा खर्च किया गया और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags