'बैटलग्राउंड सीजन 2' में दिव्यांशु, गुंजन ने जीती ट्रॉफी, खेसारी बोले-फाइटर की तरह आए और चैंपियन बनकर निकले
मुंबई, 26 मई (आईएएनएस)। रियलिटी शोज का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। यही वजह है कि 'बैटलग्राउंड सीजन 2' का दूसरा सीजन शुरुआत से ही चर्चा में बना रहा। अब आखिरकार इस सीजन को उसके दो विजेता मिल गए हैं। लड़कों में दिव्यांशु और लड़कियों में गुंजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। ग्रैंड फिनाले में जीत के बाद पूरा माहौल खुशी और जश्न से भर गया।
इस बार शो में चार बड़ी टीमें नजर आईं। क्रिकेटर शिखर धवन सुपर सेलेक्टर की भूमिका में थे। वहीं 'मुंबई स्ट्राइकर्स' की कप्तानी प्रियंका चाहर चौधरी ने संभाली, 'भोजपुरी भौकाल्स' के मेंटर खेसारी लाल यादव थे, 'दिल्ली डॉमिनेटर्स' को अभिषेक मल्हान यानी 'फुकरा इंसान' लीड कर रहे थे, जबकि 'तेलुगु टाइगर्स' की कमान निक्की तंबोली के हाथों में थी। पूरे सीजन में इन टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला और हर टीम ने जीत के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी।
फिनाले में लड़कों की कैटेगरी में भोजपुरी भौकाल्स के दिव्यांशु और दिल्ली डॉमिनेटर्स के शिवा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। वहीं लड़कियों में दिल्ली डॉमिनेटर्स की गुंजन और तेलुगु टाइगर्स की मुस्कान आमने-सामने थीं। आखिरकार दिव्यांशु और गुंजन ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर जीत हासिल की। दोनों विजेताओं को ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपए की इनामी राशि भी दी गई।
दिव्यांशु की जीत पर खेसारी लाल यादव काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा, ''दिव्यांशु इस शो में एक फाइटर की तरह आए थे और अब एक चैंपियन बनकर बाहर निकले हैं। मेरी टीम ने हमेशा खुद पर भरोसा रखा, और आज उसी विश्वास की जीत हुई है। इस सफर में सभी मेंटर्स के बीच अच्छा रिश्ता बना।''
वहीं दूसरी तरफ अभिषेक मल्हान ने भी अपनी टीम की जीत पर गर्व जताया। उन्होंने कहा, ''एक बार जीतना आसान होता है, लेकिन लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करना बहुत मुश्किल होता है क्योंकि हर टीम आपको हराने की कोशिश करती है। गुंजन ने पूरे सीजन में लगातार मेहनत, धैर्य और हिम्मत दिखाई। यह जीत अनुशासन, सही रणनीति और कभी हार न मानने की सोच का नतीजा है।''
ग्रैंड फिनाले में मनोरंजन का तड़का भी खूब देखने को मिला। वेब सीरीज 'लुक्खे' की टीम भी इस खास मौके पर पहुंची। सिंगर किंग, पलक तिवारी, और शिवांकित सिंह परिहार ने अपनी मौजूदगी से माहौल को और शानदार बना दिया। किंग ने स्टेज पर जबरदस्त परफॉर्मेंस दी और प्रियंका चाहर चौधरी भी उनके साथ शामिल हुईं। इसके बाद किंग और खेसारी लाल यादव ने भोजपुरी अंदाज में धमाकेदार डांस किया और पलक तिवारी ने भी डांस मूव्स दिखाए।
हालांकि, फिनाले में भावुक पल भी देखने को मिला। एक टास्क के दौरान प्रियंका चाहर चौधरी काफी भावुक हो गईं और रो पड़ीं। उन्होंने बाकी मेंटर्स और खिलाड़ियों पर नाराजगी जताई कि उन्होंने कंटेस्टेंट रेखा के लिए तालियां नहीं बजाईं और उनका हौसला नहीं बढ़ाया।
जीत के बाद दिव्यांशु ने कहा, ''इस शो ने मुझे सिखाया कि इंसान की असली ताकत तब सामने आती है, जब वह हार मानना छोड़ देता है।'' वहीं गुंजन ने अपनी जीत अपने परिवार, टीम और फैंस को समर्पित की। उन्होंने कहा कि यह ट्रॉफी उन सभी लोगों की है, जिन्होंने हर मुश्किल समय में उनका साथ दिया।
'अमेजन एमएक्स प्लेयर' पर 'बैटलग्राउंड सीजन 2' के सभी एपिसोड उपलब्ध हैं।
--आईएएनएस
पीके/पीएम

