केरल : नौ महीनों में दर्ज हुए दुष्कर्म के 1993 मामले, हर दिन औसतन सात से ज्यादा महिलाएं हो रहीं शिकार
तिरुवनंतपुरम, 17 नवंबर (आईएएनएस)। केरल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दावे तो बहुत किए जाते हैं लेकिन हकीकत ठीक इसके उलट है। पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष के पहले नौ महीनों में दुष्कर्म के 1993 मामले दर्ज हुए हैं। यानी हर दिन औसतन सात से ज्यादा महिलाएं दुष्कर्म का शिकार हो रही हैं।
ये आंकड़े इसलिए भी अहम हैं क्योंकि सीएम सतीशन की सरकार बुधवार को अपने कार्यकाल के छह महीने पूरे कर रही है और महिलाओं की सुरक्षा नई सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनकर उभरी है। 11 नवंबर को जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक, राज्य में 2025 में दुष्कर्म के 2952 केस दर्ज हुए थे जबकि 2024 में 2,901 और 2023 में 2,562 केस दर्ज हुए थे।
2016 में जब पिनाराई विजयन की लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) पहली बार सत्ता में आई थी, तो यह संख्या 1,656 थी। अगले नौ सालों में यह आंकड़ा लगभग 78 प्रतिशत बढ़ा है। अपने दस साल के शासन के दौरान एलडीएफ सरकार और उसके नेताओं ने अक्सर केरल को महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक मॉडल राज्य के तौर पर पेश किया और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की आलोचना को राज्य की इमेज खराब करने की कोशिश बताकर जवाब दिया।
आंकड़े यह भी दिखाते हैं कि परिवारों के अंदर हिंसा एक बड़ी चिंता बनी हुई है। इस वर्ष सितंबर तक पतियों या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता के 2,558 मामले दर्ज किए गए। ये आंकड़े 2025 में 3,986, 2024 में 4,515 और 2023 में 4,710 थे।
2016 में दहेज से होने वाली मौतें 25 थीं, जो इस दशक में सबसे ज्यादा थीं। केरल में 2025 में ऐसी छह मौतें और इस साल सितंबर तक एक मौत हुई। खास बात यह है कि 2026 के आंकड़े दो सरकारों के दौरान की है। इस वर्ष 17 मई तक एलडीएफ की सरकार थी। 18 मई को कांग्रेस की सरकार बनी और सतीशन ने 18 मई को चार्ज संभाला था।
मुख्यमंत्री सतीशन के लिए ये आंकड़े चुनौती के तौर पर हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के लिए असली परीक्षा यह पक्का करना होगा कि असरदार पुलिसिंग, तेज कार्रवाई और घर, काम की जगहों और पब्लिक जगहों पर सुरक्षित माहौल के जरिए महिलाओं की सुरक्षा रोजमर्रा की जिंदगी में दिखे।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

