Samachar Nama
×

सीपीआईएम के भ्रष्टाचार के एटीएम बन गए हैं केरल के सहकारी बैंक : भाजपा

सीपीआईएम के भ्रष्टाचार के एटीएम बन गए हैं केरल के सहकारी बैंक : भाजपा
सीपीआईएम के भ्रष्टाचार के एटीएम बन गए हैं केरल के सहकारी बैंक : भाजपा

तिरुवनंतपुरम, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को आरोप लगाया कि केरल के सहकारी क्षेत्र को सीपीआईएम ने 'भ्रष्टाचार का एटीएम' बना दिया है। उन्होंने कहा कि आम जमाकर्ताओं की जीवन भर की बचत डूब रही है, जबकि जो लोग इन गड़बड़ियों को उजागर करते हैं, उन्हें राजनीतिक धमकियों का सामना करना पड़ता है।

संकट की गंभीरता को रेखांकित करने के लिए आंकड़ों का हवाला देते हुए, राजीव ने कहा कि पिछले एक दशक में सहकारी बैंकों में 1,582 करोड़ रुपए की अनियमितताएं सामने आई हैं, जबकि 450 सहकारी समितियां जमाकर्ताओं का पैसा वापस करने में असमर्थ रही हैं।

उन्होंने बताया कि 251 समितियों में भी अनियमितताएं पाई गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) 27 सहकारी बैंकों से जुड़े मामलों और लगभग 550 करोड़ रुपए की कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है।

करुवन्नूर सहकारी बैंक घोटाले का जिक्र करते हुए राजीव ने कहा कि इस मामले में 128 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीपीआईएम को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में, नेमम सहकारी बैंक के 1,200 से अधिक जमाकर्ताओं को अभी तक लगभग 108 करोड़ रुपए नहीं मिले हैं।

उन्होंने राज्य सरकार पर उन आम लोगों की सुरक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया, जिन्होंने अपनी जीवन भर की बचत सहकारी संस्थाओं में जमा की थी। उन्होंने कहा कि 'रिस्क फंड' तंत्र उन जमाकर्ताओं को प्रभावी राहत देने में विफल रहा है, जो अपना पैसा नहीं निकाल पा रहे हैं।

भाजपा नेता ने पय्यानूर में एक विधायक पर हुए हमले का भी जिक्र किया। यह हमला तब हुआ था, जब उन्होंने सहकारी क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया था। उन्होंने कहा कि यह घटना सीपीआईएम की राजनीति के अपराधीकरण और हिंसा के जरिए लोकतांत्रिक आलोचना को दबाने की कोशिश को दर्शाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सीपीआईएम ने अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए पीएससी, देवस्वोम बोर्ड, सहकारी संस्थाओं और पुलिस सहित कई सार्वजनिक संस्थानों पर अपना नियंत्रण कर लिया है।

राजीव ने सीपीआईएम और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वे जनता का ध्यान ऐसे गंभीर मुद्दों से भटकाने के लिए विवाद खड़े कर रहे हैं। भाजपा-एनडीए के 'विकसित केरलम' घोषणापत्र में सहकारी क्षेत्र की सफाई करने, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने और जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा करने की परिकल्पना की गई है।

उन्होंने कहा कि केरल में इस क्षेत्र को राजनीतिक भ्रष्टाचार का जरिया बने रहने देने के बजाय, इसे फिर से जन-विश्वास के संस्थान के रूप में बहाल किया जाना चाहिए।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story