Samachar Nama
×

स्कूली बच्चों में बचत की आदत को बढ़ावा देने के लिए केरल सरकार का बड़ा कदम, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च

स्कूली बच्चों में बचत की आदत को बढ़ावा देने के लिए केरल सरकार का बड़ा कदम, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च
स्कूली बच्चों में बचत की आदत को बढ़ावा देने के लिए केरल सरकार का बड़ा कदम, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च

तिरुवनंतपुरम, 19 नवंबर (आईएएनएस)। केरल ने गुरुवार को स्कूली बच्चों के बचत खातों को मैनेज करने के लिए एक राज्यव्यापी डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसके जरिए सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों की कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के खातों को एक ही ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ दिया गया है।

इस पोर्टल का उद्घाटन मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने किया। इसे केरल इंफ्रास्ट्रक्चर एंड टेक्नोलॉजी फॉर एजुकेशन (केआईटीई) ने विकसित किया है, जो सामान्य शिक्षा विभाग की तकनीकी शाखा है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में बचत की आदत को बढ़ावा देना और उनके खातों के प्रबंधन व निगरानी को अधिक पारदर्शी और कुशल बनाना है।

इस प्लेटफॉर्म पर डिजिटल पासबुक की सुविधा है, जिसमें छात्रों द्वारा जमा की गई राशि, निकाली गई राशि और मिलने वाले ब्याज का रिकॉर्ड अपने आप दर्ज हो जाता है। हर ट्रांजेक्शन (लेन-देन) पर माता-पिता को एसएमएस अलर्ट मिलेगा, जिससे वे अपने बच्चों की बचत पर नजर रख सकेंगे।

इसके अलावा, इस सिस्टम से ट्रेजरी पे-इन स्लिप ऑनलाइन जनरेट की जा सकती हैं, फिक्स्ड डिपॉजिट को ट्रैक किया जा सकता है और खाता बंद करने की प्रक्रिया भी पूरी की जा सकती है।

यह सिस्टम छात्रों के खातों का पूरी तरह से डिजिटल प्रबंधन सुनिश्चित करता है। इसमें क्लास टीचर से लेकर नेशनल सेविंग्स के डायरेक्टर तक सभी जुड़े हुए हैं। साथ ही रियल-टाइम डैशबोर्ड के जरिए जिला और राज्य स्तर के अधिकारी स्कूल-वार लेन-देन और समेकित रिपोर्ट देख सकते हैं।

मुख्यमंत्री सतीशन ने इस प्लेटफॉर्म का उद्घाटन करते हुए तिरुवनंतपुरम जिले के विलापिल स्थित गवर्नमेंट लोअर प्राइमरी स्कूल के छात्रों ऋषिकेश एआर, अनिघा आर. सूरज और हर्षिता किरण एस को नई डिजिटल पासबुक सौंपी।

शिक्षकों पर डेटा एंट्री का अतिरिक्त बोझ न पड़े, इसके लिए स्कूल अपने मौजूदा लॉगिन क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करके इस पोर्टल को एक्सेस कर सकते हैं। ये क्रेडेंशियल्स राज्य के 'संपूर्ण' स्‍कूल प्रबंधन सिस्टम और एचएससीएपी व वीएचएससीएपी एडमिशन पोर्टल वाले ही होंगे।

इस योजना के प्रभारी शिक्षक केआईटीई के मोबाइल एप्लिकेशन 'केआईटीई -की' के जरिए क्‍यूआर कोड स्कैन करके भी लॉगिन कर सकते हैं। यह ऐप इस प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ है और एसएमएस-आधारित ओटीपी वेरिफिकेशन की सुविधा देता है।

यह पोर्टल स्‍टूडेंटसेविंग डॉट काइट डॉट केरला डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध है। इसका मकसद स्कूल स्तर पर बचत प्रबंधन को एक साझा डिजिटल नेटवर्क पर लाना और पूरे राज्य में इस योजना की निगरानी को मजबूत करना है। केआईटीई ने इस पहल को देश में अपनी तरह का पहला बड़े पैमाने का एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म बताया है।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी

Share this story