Samachar Nama
×

कर्नाटक: हिंदू युवक से प्रेम संबंध के चलते मेडिकल छात्रा को परिजनों ने कॉलेज कैंपस से अगवा किया

कर्नाटक: हिंदू युवक से प्रेम संबंध के चलते मेडिकल छात्रा को परिजनों ने कॉलेज कैंपस से अगवा किया
कर्नाटक: हिंदू युवक से प्रेम संबंध के चलते मेडिकल छात्रा को परिजनों ने कॉलेज कैंपस से अगवा किया

मंगलुरु, 20 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मंगलुरु में एक निजी मेडिकल कॉलेज परिसर से एक मेडिकल छात्रा को उसके परिजनों द्वारा कथित तौर पर जबरन अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा के एक हिंदू युवक के साथ प्रेम संबंध होने के कारण उसके परिवार के सदस्य उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध अपने साथ ले गए।

पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी ने कहा कि छात्रा बालिग है और उसे अपनी मर्जी से कहीं भी रहने का कानूनी अधिकार है। किसी बालिग व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन ले जाना कानून के तहत अपराध है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग थार वाहन में छात्रा को जबरन ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आरोपों के मुताबिक, मुस्लिम समुदाय से आने वाली छात्रा को उसके हिंदू युवक के साथ संबंधों के कारण परिवार के सदस्य उसकी मर्जी के खिलाफ अपने साथ ले गए। यह घटना गुरुवार शाम कॉलेज परिसर में हुई बताई जा रही है।

वायरल वीडियो में कुछ लोग कॉलेज परिसर में पहुंचते दिखाई देते हैं। वे छात्रा को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करते हैं। इस दौरान छात्रा चिल्लाती है, विरोध करती है और खुद को छुड़ाने का प्रयास करती है। हालांकि, पुरुष उसे उठाकर गाड़ी की पिछली सीट पर धकेल देते हैं। वीडियो में एक व्यक्ति छात्रा की चप्पलें भी उसकी ओर फेंकता दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि यह घटना दिनदहाड़े अन्य छात्रों की मौजूदगी में हुई।

मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से कॉलेज परिसर में मौजूद अन्य छात्रों के बीच भी चिंता और हैरानी का माहौल है।

वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलुरु के पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी ने कहा कि आरोप हैं कि छात्रा के परिवार के सदस्यों ने उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन अपने साथ ले जाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऐसा हुआ है तो यह कानून के तहत अपराध है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि छात्रा बालिग है और उसे यह तय करने का पूरा कानूनी अधिकार है कि वह कहां रहना चाहती है। उन्होंने बताया कि यदि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई होती तो वाहन को रास्ते में ही रोका जा सकता था और छात्रा का पता लगाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि मामले में केस दर्ज करने, जांच करने और छात्रा का पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

सुधीर कुमार रेड्डी ने यह भी पुष्टि की कि सोशल मीडिया पोस्ट में छात्रा के एक हिंदू युवक के साथ संबंधों का जिक्र किया गया था और पुलिस को इस बारे में जानकारी है। फिलहाल पुलिस घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने और छात्रा को तलाशने में जुटी है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags