Samachar Nama
×

यूपीएससी एनडीए परीक्षा में कर्नाटक की बेटी ने मारी बाजी, महिला वर्ग में किया टॉप, सीएम शिवकुमार ने दी बधाई

यूपीएससी एनडीए परीक्षा में कर्नाटक की बेटी ने मारी बाजी, महिला वर्ग में किया टॉप, सीएम शिवकुमार ने दी बधाई
यूपीएससी एनडीए परीक्षा में कर्नाटक की बेटी ने मारी बाजी, महिला वर्ग में किया टॉप, सीएम शिवकुमार ने दी बधाई

बेंगलुरु, 7 नवंबर (आईएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर और राज्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं विधायक बी.वाई. विजयेंद्र ने शनिवार को शिवमोग्गा जिले के भद्रावती तालुक के थिम्मापुरा गांव की रहने वाली श्रेया एन. गौड़ा को यूपीएससी नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) परीक्षा की महिला श्रेणी में पहला स्थान हासिल करने पर बधाई दी।

शिवकुमार ने एक बयान में कहा, "भद्रावती की श्रेया एन. गौड़ा को बहुत-बहुत बधाई, जिन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी एनडीए परीक्षा की महिला श्रेणी में 'ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक' हासिल की है। श्रेया ने बचपन से ही सशस्त्र बलों में शामिल होने और देश की सेवा करने का सपना देखा था। उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प को इस सफलता के रूप में देखकर बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने अपने परिवार और पूरे कर्नाटक को गौरवान्वित किया है। अपने सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।"

परमेश्वर ने एक बयान में कहा कि श्रेया ने अपने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की है, जिससे सशस्त्र बलों में शामिल होने का उनका बचपन का सपना पूरा हो गया है।

उन्होंने श्रेया की कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगन की सराहना की और उनकी इस उपलब्धि को कर्नाटक के लिए गर्व का क्षण बताया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी यह सफलता राज्य की उन युवतियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहती हैं।

परमेश्वर ने श्रेया के परिवार के सदस्यों और शिक्षकों को भी बधाई दी, जिन्होंने उनके इस सफर में उनका साथ दिया। इसके साथ ही उन्होंने श्रेया के भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

राज्य भाजपा अध्यक्ष विजयेन्द्र ने शिवमोग्गा जिले के भद्रावती की रहने वाली श्रेया एन. गौड़ा को बधाई दी। उन्होंने इस वर्ष की यूपीएससी एनडीए परीक्षा की महिला श्रेणी में ऑल इंडिया पहला रैंक हासिल करके राष्ट्रीय स्तर पर कर्नाटक का मान बढ़ाया है।

विजयेन्द्र ने एक बयान में कहा कि उनकी यह उपलब्धि राज्य के लिए गर्व की बात है।

राज्य भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "भद्रावती के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के परिवार से आने वाली श्रेया ने कक्षा 8 से ही सशस्त्र बलों में शामिल होने का पक्का इरादा कर लिया था और अपने लक्ष्य को पाने के लिए लगातार मेहनत की। अपने पहले ही प्रयास में देश में शीर्ष रैंक हासिल करना, राज्य के युवाओं, विशेषकर युवतियों के लिए एक बेहतरीन उदाहरण है।"

उन्होंने श्रेया के माता-पिता को भी बधाई दी, जिन्होंने उनका साथ दिया और उनकी इस उपलब्धि में उनका समर्थन किया।

विजयेन्द्र ने श्रेया की कड़ी मेहनत और देश सेवा के प्रति उनके समर्पण की दिल से सराहना की और उनके भविष्य के प्रयासों में निरंतर सफलता की कामना की।

बता दें कि श्रेया की मां बी.एम. आशा, एक गेस्ट लेक्चरर के रूप में काम करती हैं। श्रेया ने भद्रावती तालुक के करेहल्ली गांव स्थित श्री बालगंगाधरनाथ स्वामीजी सेंट्रल स्कूल (बीजीएस) में कक्षा 1 से 10 तक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु के राजाजीनगर स्थित बेस कॉलेज से अपना प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स (पीयूसी) पूरा किया और फिलहाल वह मंगलुरु के सुरथकल स्थित एक कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही हैं।

श्रेया ने बचपन से ही सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखा था। कक्षा 8 में पढ़ाई के दौरान उन्हें पता चला कि महिलाओं को भी नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) में शामिल होने की अनुमति मिल गई है। तब से उन्होंने एन में जाने के लक्ष्य के साथ तैयारी शुरू कर दी। अपने पहले ही प्रयास में उन्होंने पूरे देश में टॉप रैंक हासिल की, जिससे उनकी इस उपलब्धि ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share this story