Samachar Nama
×

नीट की तैयारी करने वाली मृतक छात्रा के भाई का होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव, कर्नाटक पुलिस की जांच जारी

नीट की तैयारी करने वाली मृतक छात्रा के भाई का होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव, कर्नाटक पुलिस की जांच जारी
नीट की तैयारी करने वाली मृतक छात्रा के भाई का होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव, कर्नाटक पुलिस की जांच जारी

मंगलुरु, 11 अगस्त (आईएएनएस)। नीट की तैयारी कर रही छात्रा की आत्महत्या के कुछ हफ्ते बाद अब उसके बड़े भाई का शव भी होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला। कर्नाटक पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 24 वर्षीय अर्जुन महेश के रूप में हुई है। वह कासरगोड का रहने वाला था और दुबई में ऑटोमोबाइल इंजीनियर के रूप में काम करता था।

पुलिस के अनुसार, अर्जुन का शव कवूर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के मारावूर स्थित स्काई ग्रैंड एम्पायर होटल के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। मंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी ने बताया कि अर्जुन पल्लीकारा के मुक्कूड निवासी के. राधिका और महेश का बेटा था।

परिजनों ने बताया कि वह भारत आया था लेकिन घर नहीं लौटा था। इसके बाद परिजन उसकी तलाश करते हुए मंगलुरु पहुंचे। जांच के दौरान ही होटल में अर्जुन मृत अवस्था में मिला।

कमरे से पुलिस को एक छोटा सा नोट भी मिला है। यह नोट उसकी मां और दो दोस्तों के नाम था। नोट में लिखा था, "अम्मा, मुझे माफ करना, दोस्तों को बता देना।"

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से पहले की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। अभी और जानकारी का इंतजार है।

अर्जुन, 19 वर्षीय नीट अभ्यर्थी ऐजा आर महेश का बड़ा भाई था। ऐजा ने 2 जून को केरल में आत्महत्या कर ली थी।

ऐजा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की दोबारा परीक्षा की तैयारी कर रही थी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद पहले हुई परीक्षा को रद्द कर दिया था, जिसके बाद दोबारा परीक्षा घोषित की गई थी।

ऐजा हॉस्टल में फंदे से लटकी मिली थी। उसकी मां ने पहले कहा था कि ऐजा को परीक्षा में अच्छे अंक मिलने का भरोसा था, लेकिन परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा की घोषणा के बाद वह परेशान हो गई थी।

पुलिस अब अर्जुन की मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने कहा है कि मंगलवार को परिवार के सदस्यों और दोस्तों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story

Tags